देहरादून, 12 अप्रैल 2026 (दून हॉराइज़न)।
Operation Night Strike : राजधानी की सड़कों पर वीकेंड के नाम पर हुड़दंग करने वाले और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ एसएसपी के निर्देश पर ‘ऑपरेशन नाईट स्ट्राइक’ चलाया गया। शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात हुए इस बड़े पुलिस एक्शन में नियमों की धज्जियां उड़ाने वाली कई काली थार समेत दर्जनों वाहनों को सीज कर दिया गया है। नशे में धुत होकर ड्राइविंग करने वाले 24 व्यक्तियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर हवालात की सैर कराई।
एसपी सिटी के नेतृत्व में सघन चेकिंग
मुख्यमंत्री के ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत एसएसपी देहरादून ने सभी थाना क्षेत्रों में देर रात तक चेकिंग के आदेश दिए थे। एसपी सिटी के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने पब, बार, रेस्टोरेंट और प्रमुख चौराहों पर औचक छापेमारी की। इस दौरान रात में बेवजह घूमने वाले 1,252 लोगों को रोककर पूछताछ की गई। पुलिस ने 16 संदिग्धों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया और 109 संदिग्धों का चालान कर जुर्माना वसूला।
थार सवारों पर विशेष नजर
चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस का विशेष फोकस उन लग्जरी वाहनों और थार सवारों पर रहा जो यातायात नियमों का उल्लंघन कर रहे थे। पुलिस ने कुल 68 वाहनों को सीज किया, जिनमें काली थार गाड़ियाँ प्रमुख रहीं। एमवी एक्ट के तहत 115 चालान काटकर कुल 63,500 रुपये का जुर्माना मौके पर वसूला गया। इसके अलावा, 90 चालान माननीय न्यायालय के लिए प्रेषित किए गए हैं।
अवैध रूप से शराब पिलाने पर रेस्टोरेंट मालिक गिरफ्तार
छापेमारी के दौरान रायपुर थाना पुलिस ने रायपुर रोड पर मैगी पॉइंट के पास एक होटल में दबिश दी। यहां बिना किसी वैध लाइसेंस के ग्राहकों को शराब परोसी जा रही थी। पुलिस ने होटल मालिक प्रदीप सोलंकी (निवासी रायपुर) को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60/68 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मौके से भारी मात्रा में बीयर की बोतलें और डिस्पोजेबल गिलास बरामद हुए हैं।









