---Advertisement---

Dehradun LPG Black Marketing : ऋषिकेश की अंकुर गैस एजेंसी पर गिरी गाज, जिलाधिकारी के निर्देश पर FIR दर्ज

---Advertisement---

देहरादून, 12 अप्रैल 2026 (दून हॉराइज़न) 

Dehradun LPG Black Marketing : जनपद में एलपीजी गैस की कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग के खिलाफ जिला प्रशासन ने निर्णायक कार्रवाई शुरू कर दी है। ऋषिकेश के बनखण्डी क्षेत्र में वाहन संख्या यूके14सीए-6186 के जरिए अवैध रूप से गैस रिफिलिंग की शिकायत मिलने पर जिलाधिकारी सविन बंसल ने तत्काल संज्ञान लिया।

जांच में यह वाहन ऋषिकेश स्थित मै० अंकुर गैस एजेंसी, प्रगतिविहार से संबंधित पाया गया, जिसके बाद प्रशासन ने एजेंसी पर छापा मारकर अनियमितताएं पकड़ीं।

जांच के दौरान एजेंसी की भूमिका संदिग्ध पाई गई है। हालांकि एजेंसी प्रबंधन ने आरोपी चालक योगेन्द्र कुमार और उसके सहयोगी आशीष को वीडियो सामने आने के बाद काम से हटाने का दावा किया, लेकिन रिकॉर्ड की पड़ताल में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। एजेंसी के पास इन दोनों कर्मियों के सत्यापन या नियुक्ति से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले। इसके बावजूद 12 अप्रैल तक इस वाहन और चालक को गैस सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही थी।

कठोर धाराओं में मुकदमा दर्ज

प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए वाहन चालक योगेन्द्र कुमार (निवासी फरीदाबाद, हरियाणा), सहयोगी आशीष और अन्य संबंधित लोगों के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 एवं भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं के हितों के साथ खिलवाड़ करने वाली किसी भी एजेंसी को बख्शा नहीं जाएगा।

आपूर्ति पर वैश्विक संकट का असर और नए नियम

वर्तमान में मध्य-पूर्व (मिडल ईस्ट) में चल रहे अंतरराष्ट्रीय संघर्ष के कारण प्राकृतिक गैस की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका है। इसी के मद्देनजर भारत सरकार ने प्राकृतिक गैस आपूर्ति विनियमन आदेश, 2026 के तहत सख्त प्रावधान लागू किए हैं। इन नियमों के तहत गैस की अवैध रिफिलिंग, भंडारण और कालाबाजारी को गंभीर श्रेणी का अपराध माना गया है। प्रशासन की क्यूआरटी (QRT) टीमें अब हर एजेंसी के कार्मिकों के सत्यापन अभिलेखों की जांच कर रही हैं।

उपभोक्ताओं के लिए राहत और स्टॉक की स्थिति

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में आपूर्ति को सुचारू रखने के लिए कंट्रोल रूम सक्रिय है। आज जिले में 16,275 से अधिक घरेलू और 817 व्यावसायिक सिलेंडरों की आपूर्ति की गई। वर्तमान में जनपद के पास 28,937 घरेलू और 4,745 व्यावसायिक सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध है। आपूर्ति को लेकर किसी भी शिकायत के लिए प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।

गैस आपूर्ति एवं शिकायत हेतु हेल्पलाइन

माध्यमसंपर्क विवरण
टोल फ्री नंबर1077
कंट्रोल रूम फोन0135-2626066, 2726066
व्हाट्सएप नंबर7534826066

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment