हरिद्वार, 13 अप्रैल 2026 (दून हॉराइज़न)
Laksar News : लक्सर कोतवाली क्षेत्र के भोगपुर गांव स्थित खाटू श्याम मंदिर में एक बुजुर्ग पुजारी की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। रविवार सुबह मंदिर परिसर में पुजारी का शव लहूलुहान हालत में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस को प्राथमिक जांच में संदेह है कि मंदिर में चोरी की नीयत से घुसे बदमाशों ने पहचान होने या विरोध करने पर पुजारी को मौत के घाट उतारा है।
मृतक की पहचान 65 वर्षीय राजवीर के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) के पुरकाजी क्षेत्र के गोधना गांव के निवासी थे। राजवीर पिछले दो वर्षों से इस मंदिर की सेवा कर रहे थे और पिछले दो महीनों से मंदिर परिसर में ही रहकर पूजा-पाठ की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
रविवार सुबह हुआ वारदात का खुलासा
घटना की जानकारी तब हुई जब रविवार सुबह ग्रामीण पूजा के लिए मंदिर पहुंचे। ग्रामीणों ने पुजारी राजवीर को परिसर में मृत और खून से लथपथ देखा। सूचना मिलते ही सीओ लक्सर देवेंद्र सिंह, कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी और भिक्कमपुर चौकी प्रभारी यशवीर सिंह नेगी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर बाद एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
सीओ देवेंद्र सिंह ने बताया कि पुजारी के सिर पर किसी भारी वस्तु से प्रहार किया गया है। पुलिस का अनुमान है कि शनिवार रात बदमाशों ने मंदिर में प्रवेश किया होगा और जाग होने पर पुजारी पर हमला कर दिया। मंदिर स्वामी संजय सैनी की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
फॉरेंसिक जांच और स्थानीय आक्रोश
वारदात की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। पुलिस आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि पुजारी राजवीर बेहद सरल और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे, उनकी हत्या से भोगपुर गांव में भारी आक्रोश और शोक व्याप्त है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।









