देहरादून, 18 अप्रैल 2026 (दून हॉराइज़न)। उत्तराखंड की राजधानी में सफर करना अब और महंगा हो गया है। तेल कंपनियों ने महीने के बीच में ही उपभोक्ताओं को बड़ा झटका देते हुए कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (Dehradun CNG Price Hike) की कीमतों में 1.50 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी कर दी है। गेल (GAIL) कंपनी द्वारा जारी नई दरों के बाद देहरादून में अब सीएनजी 91.50 रुपये प्रति किलो के भाव पर मिलेगी।
महीने के बीच में बढ़ी कीमतें, बढ़ा दबाव
आमतौर पर ईंधन की कीमतों में संशोधन महीने की शुरुआत में देखा जाता है, लेकिन इस बार अप्रैल के मध्य में हुए इस बदलाव ने सबको चौंका दिया है। इससे पहले जनवरी में सीएनजी की कीमतों में 9 रुपये की बड़ी कटौती की गई थी, लेकिन अब दोबारा बढ़ते ग्राफ ने वाहन स्वामियों की चिंता बढ़ा दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि मध्य-पूर्व (Middle East) में जारी भू-राजनीतिक तनाव और वैश्विक गैस आपूर्ति में आई बाधा इस बढ़ोतरी का मुख्य कारण है।
पर्यटन सीजन और कमर्शियल वाहनों पर असर
उत्तराखंड में चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन की शुरुआत हो चुकी है। ऐसे में सीएनजी के दाम बढ़ने का सीधा असर टैक्सी और कमर्शियल वाहनों के संचालन पर पड़ेगा। देहरादून में वर्तमान में करीब 20 सीएनजी पंप हैं, जहां रोजाना लगभग 60 हजार किलो गैस की खपत होती है। बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों के लिए भी यह खबर मायूस करने वाली है, क्योंकि पड़ोसी राज्यों की तुलना में उत्तराखंड में सीएनजी की दरें पहले से ही अधिक हैं।
PNG विस्तार में आई तेजी
एक तरफ जहां सीएनजी महंगी हो रही है, वहीं पाइप नैचुरल गैस (PNG) के मोर्चे पर राहत की खबर है। शहर में पीएनजी लाइन बिछाने के काम में भारी तेजी देखी गई है। गेल कंपनी के अनुसार, अब रोजाना 40 से 50 घरों में गैस सप्लाई शुरू की जा रही है, जो पहले महज 2 से 4 तक सीमित थी।
गेल कंपनी के महाप्रबंधक अंबुज गौतम ने बताया कि अब दिन और रात दोनों समय पाइपलाइन बिछाने की अनुमति मिल गई है। देहरादून में कुल 1000 किलोमीटर लंबी लाइन बिछाई जानी है, जिसके तहत अब तक 37 हजार घरों को कनेक्शन आवंटित किए जा चुके हैं और 2800 घरों में रसोई गैस की आपूर्ति सुचारू रूप से शुरू हो गई है।









