रुद्रप्रयाग, 22 अप्रैल 2026 (दून हॉराइज़न)। श्रद्धा, आस्था और दिव्यता के संगम के साथ ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग भगवान श्री केदारनाथ धाम (Kedarnath Kapat Opening) के कपाट आज बुधवार को श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए।
सुबह ठीक 8 बजे के शुभ मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार और ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष के बीच मंदिर के द्वार खोले गए। इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी धाम में मौजूद रहे। कपाट खुलने के तुरंत बाद धाम में पहली पूजा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से की गई।
मंदिर के कपाट खुलने की प्रक्रिया आज तड़के 5 बजे से ही शुरू हो गई थी। शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर, उखीमठ से पहुंची भगवान की पंचमुखी उत्सव डोली के सानिध्य में मुख्य पुजारी और रावलों ने धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए। सुबह 8 बजे जैसे ही मुख्य द्वार खुले, सेना के सिख रेजीमेंट के बैंड की भक्तिमय धुनों ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। प्रशासन द्वारा इस मौके पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा भी कराई गई।
मुख्यमंत्री ने की प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बाबा केदार के दर्शन कर देश और प्रदेश की खुशहाली की प्रार्थना की। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि केदारनाथ धाम भारत की सांस्कृतिक विरासत का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए अपील की कि वे उत्तराखंड की अतिथि देवो भव: की परंपरा का मान रखें। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में केदारनाथ का पुनर्निर्माण आज पूरी दुनिया के लिए आकर्षण का केंद्र बना है।
51 क्विंटल फूलों से सजा भव्य दरबार
कपाट उद्घाटन के विशेष अवसर पर केदारनाथ मंदिर को 51 क्विंटल से अधिक देशी-विदेशी फूलों से भव्य रूप से सजाया गया था। धाम में उमड़ी हजारों की भीड़ ने जैसे ही बाबा के दर्शन किए, पूरा परिसर जयकारों से गूंज उठा। इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ विधायक आशा नौटियाल, बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी और जिले के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।









