---Advertisement---

CM Dhami Mana Visit : भारत के प्रथम गांव माणा पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, महिलाओं के हुनर को देख हुए गदगद

---Advertisement---

चमोली, 22 अप्रैल 2026 (दून हॉराइज़न)। भारत के प्रथम सीमांत गांव माणा ने आत्मनिर्भरता की नई इबारत लिख दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को माणा (CM Dhami Mana Visit) पहुंचकर विकास कार्यों का जायजा लिया और घोषणा की कि यह गांव अब शत-प्रतिशत ‘लखपति दीदी’ गांव बन चुका है। मुख्यमंत्री के आगमन पर स्थानीय महिलाओं ने पारंपरिक मांगलगीत और स्थानीय उत्पादों के साथ उनका स्वागत किया।

82 महिलाएं और 12 समूह 

चमोली जनपद के ज्योतिर्मठ विकासखण्ड में स्थित माणा गांव अब महिला सशक्तिकरण का केंद्र बन गया है। यहां सक्रिय 12 स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी सभी 82 महिलाएं ‘लखपति दीदी’ के रूप में स्थापित हो चुकी हैं।

‘घुंघटी महिला ग्राम संगठन’ और ‘योगबंदी क्लस्टर’ के माध्यम से ये महिलाएं ऊनी वस्त्र, हैंडलूम, हस्तशिल्प, टोकरी निर्माण और स्थानीय मसालों जैसे उत्पादों का निर्माण कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने इन महिलाओं से संवाद कर उनके उत्पादों की गुणवत्ता की सराहना की और कहा कि यह मॉडल पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणा है।

श्रद्धालुओं से की अपील, ‘वोकल फॉर लोकल’ का बने हिस्सा

मुख्यमंत्री धामी ने चारधाम यात्रा पर आने वाले तीर्थयात्रियों से विशेष आग्रह किया कि वे अपनी यात्रा के दौरान स्थानीय उत्पादों की खरीदारी जरूर करें। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं द्वारा की गई छोटी सी खरीदारी सीमांत क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था को बड़ी मजबूती प्रदान करती है। इसके साथ ही, उन्होंने यात्रा को सुरक्षित, सुखद और विशेष रूप से प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए पर्यावरण संरक्षण में सहयोग देने की अपील की।

‘अंतिम’ से ‘प्रथम’ गांव का सफर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सीमांत गांवों की अवधारणा बदली है। जिन्हें पहले ‘अंतिम गांव’ मानकर उपेक्षित छोड़ दिया जाता था, उन्हें अब ‘देश का प्रथम गांव’ मानकर प्राथमिकता पर विकसित किया जा रहा है।

वाइब्रेंट विलेज योजना के जरिए इन क्षेत्रों में सड़क, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सीमांत गांवों का यह समावेशी विकास आत्मनिर्भर उत्तराखंड के लक्ष्य को प्राप्त करने में मील का पत्थर साबित होगा।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment