---Advertisement---

CM Dhami Dehradun Rally : ‘विपक्ष ने किया महापाप’, नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर बरसे मुख्यमंत्री धामी

देहरादून, 24 अप्रैल 2026 (दून हॉराइज़न)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (CM Dhami Dehradun Rally) ने शुक्रवार को देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित ‘महिला जन आक्रोश रैली’ के दौरान विपक्ष पर तीखा हमला बोला। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मातृशक्ति को लोकतांत्रिक अधिकार दिलाने के लिए लाए गए ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को लोकसभा में विपक्ष ने विफल कर दिया है, जो देश के साथ एक ‘महापाप’ है।

मुख्यमंत्री केवल मंच तक सीमित नहीं रहे, बल्कि उन्होंने परेड ग्राउंड से घंटाघर तक आयोजित ‘जन आक्रोश पदयात्रा’ में हजारों महिलाओं के साथ पैदल चलकर अपना विरोध दर्ज कराया। रैली को संबोधित करते हुए धामी ने आरोप लगाया कि विपक्ष ने सोची-समझी रणनीति के तहत संख्या बल का फायदा उठाते हुए महिलाओं के अधिकारों को छीनने का काम किया है। उन्होंने कहा कि देश की जागरूक नारी अब इस अन्याय के विरुद्ध आवाज बुलंद करेगी।

केंद्र की योजनाओं का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने मातृशक्ति को नए भारत के निर्माण का आधार बताते हुए केंद्र सरकार की उपलब्धियों का विवरण दिया। उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और जन धन योजना के माध्यम से करोड़ों महिलाओं को सीधे बैंकिंग और आर्थिक प्रणाली से जोड़ा गया है। धामी ने तीन तलाक की समाप्ति और आदिवासी समाज की बेटी (राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू) के सर्वोच्च पद तक पहुँचने को महिला सशक्तिकरण का सबसे बड़ा उदाहरण बताया।

उत्तराखंड में महिला सशक्तिकरण के कदम

राज्य सरकार की नीतियों पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में महिलाओं के लिए सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत आरक्षण लागू करना और समान नागरिक संहिता (UCC) लाना, उनके अधिकारों की रक्षा की दिशा में ऐतिहासिक कदम हैं। उन्होंने जानकारी दी कि ‘लखपति दीदी’ योजना के तहत अब तक प्रदेश की 2 लाख 65 हजार से अधिक महिलाएं आत्मनिर्भर बन चुकी हैं।

इस रैली और पदयात्रा में राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, टिहरी सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह सहित सविता कपूर, आशा नौटियाल और रेणु बिष्ट जैसी कई महिला विधायक और पदाधिकारी मौजूद रहीं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि ग्रामीण आजीविका मिशन और सशक्त बहना उत्सव योजना जैसी पहलों से प्रदेश की महिलाओं को स्वरोजगार के स्थायी अवसर दिए जा रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment