---Advertisement---

Premnagar Encounter : ठेकेदार से 2 लाख की लूट कर भाग रहे बदमाशों से भिड़ी पुलिस, SHO नरेश राठौर हुए घायल

---Advertisement---

देहरादून, 30 अप्रैल 2026 (दून हॉराइज़न)। राजधानी के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक अपराधी मारा गया। बदमाशों ने पहले एक ठेकेदार से करीब दो लाख रुपये की लूट की और विरोध करने पर उसे गोली मार दी। सूचना पर पीछा कर रही पुलिस टीम पर भी बदमाशों ने फायरिंग झोंक दी, जिसमें प्रेमनगर थाना प्रभारी (SHO) नरेश राठौर घायल हो गए हैं।

ठेकेदार को गोली मारकर की थी लूट

मिली जानकारी के अनुसार, पौंधा निवासी ठेकेदार देवराज बुधवार रात करीब 10:30 बजे अपना काम खत्म कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान काले रंग की गुजरात नंबर की कार में सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने तमंचे के बल पर देवराज से 2 लाख रुपये की नकदी, मोबाइल और हिसाब की डायरी वाला बैग छीन लिया। जब देवराज ने विरोध किया, तो बदमाशों ने उन पर फायर कर दिया और जंगल की ओर भाग निकले।

जंगल में आमने-सामने की फायरिंग

लूट की सूचना मिलते ही प्रेमनगर थाना प्रभारी नरेश राठौर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घेराबंदी शुरू की तो जंगल के रास्ते में संदिग्ध कार दिखाई दी। खुद को घिरता देख बदमाशों ने कार छोड़ दी और पैदल जंगल की ओर भागते हुए पुलिस पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं।

इस मुठभेड़ में SHO नरेश राठौर के हाथ में दो गोलियां लगीं। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश को तीन गोलियां (दो छाती और एक पेट में) लगीं और वह वहीं गिर पड़ा।

बदमाश की अस्पताल में मौत, तलाशी जारी

एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि घायल बदमाश को तत्काल कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृत बदमाश की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।

वहीं, घायल SHO नरेश राठौर और ठेकेदार देवराज का अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना के बाद एसएसपी और एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। फरार दो अन्य बदमाशों की तलाश के लिए पूरे जनपद में नाकाबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment