पिथौरागढ़, 1 मई 2026 (दून हॉराइज़न)। पिथौरागढ़ जिला मुख्यालय से लगभग 70 किलोमीटर दूर नेपाल सीमा से सटे द्वालीसेरा गांव में रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से वार कर निर्मम हत्या कर दी।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी भागने के बजाय सीधे पुलिस चेक पोस्ट पहुंचा और अपना जुर्म कबूल कर लिया। मृतका की पहचान 42 वर्षीय गीता देवी के रूप में हुई है, जो इलाके में आशा कार्यकर्ता के रूप में अपनी सेवाएं दे रही थीं।
मेहंदी कार्यक्रम से लौटने के बाद हुआ विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, द्वालीसेरा निवासी भुवन प्रसाद बुधवार रात अपनी पत्नी गीता देवी के साथ गांव में ही एक युवक के मेहंदी कार्यक्रम में शामिल होने गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रात 9 बजे तक और कार्यक्रम के दौरान भी दोनों के बीच सब कुछ सामान्य दिख रहा था।
देर रात करीब 2 बजे घर लौटने पर पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई। विवाद इतना बढ़ा कि आवेश में आकर भुवन ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाई और गीता पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हत्या के बाद खुद दी पुलिस को सूचना
वारदात के बाद आरोपी भुवन प्रसाद करीब 500 मीटर दूर घिंघरानी स्थित पुलिस चौकी पहुंचा और वहां तैनात कर्मियों को घटना की जानकारी दी। चौकी जाने के रास्ते में उसने स्थानीय ग्रामीणों को भी चिल्लाकर बताया कि उसने गीता को मार डाला है। सूचना मिलते ही अस्कोट थाने से पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। गुरुवार को पुलिस की फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
जाखनी हत्याकांड की पुनरावृत्ति
पुलिस अधिकारी इस घटना को ‘क्राइम ऑफ पैशन’ (आवेश में किया गया अपराध) के रूप में देख रहे हैं। पिथौरागढ़ में पिछले कुछ समय में यह दूसरी ऐसी घटना है जहां पति ने हत्या के बाद खुद सरेंडर किया। इससे पहले 24 जनवरी को जाखनी में राजेंद्र राम नामक व्यक्ति ने अपनी पत्नी नीलम की चाकू मारकर हत्या की थी और कपड़े बदलकर कोतवाली पहुंच गया था। द्वालीसेरा की घटना ने पुलिस और समाजशास्त्रियों को फिर से चौंका दिया है।
शादी वाले घर में मातम
हृदयविदारक पहलू यह रहा कि गुरुवार को जहां भुवन प्रसाद के घर में गीता देवी का शव खून से लथपथ पड़ा था, वहीं गांव में एक युवक की बारात गाजे-बाजे के साथ निकल रही थी। गांव में एक तरफ मातम था तो दूसरी तरफ शहनाई की गूंज। मृतका के पिता गोपाल राम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 20 साल पहले हुए इस विवाह के बाद से ही भुवन अक्सर गीता के साथ झगड़ा करता था। दोनों के चार बच्चे हैं, जिनमें से दो की शादी हो चुकी है।
अधिकारी का बयान
“मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी भुवन प्रसाद को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रथम दृष्टया यह आपसी विवाद का मामला लग रहा है।”
— केएस रावत, क्षेत्राधिकारी (CO), पिथौरागढ़









