---Advertisement---

आठ दिन बाद खुला राज: पत्नी ही निकली पति की कातिल, प्रेमी संग मिलकर रची थी साजिश

---Advertisement---

काशीपुर, 4 मई 2026 (दून हॉराइज़न)। ऊधम सिंह नगर जिले के काशीपुर में आठ दिन पहले लापता हुए युवक कुलवंत सिंह की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। कुलवंत की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसकी पत्नी गुड्डी ने अपने प्रेमी कपिल मौर्य के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने नहर से शव बरामद करने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। कोर्ट में पेशी के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

साजिश के लिए अलग प्लॉट पर रहने लगी थी पत्नी

पुलिस जांच में सामने आया कि गुड्डी ने इस हत्याकांड की पटकथा चार दिन पहले ही लिख दी थी। वारदात को अंजाम देने के लिए वह अपने दोनों बच्चों को मायके छोड़कर धीमरखेड़ा स्थित अपने एक खाली प्लॉट पर तिरपाल डालकर रहने लगी थी। 25 अप्रैल की रात उसने योजना के तहत पति कुलवंत और प्रेमी कपिल को वहीं बुलाया। वहां शराब की महफिल सजाई गई, जहां चुपके से कुलवंत की ड्रिंक में सल्फास की गोलियां मिला दी गईं।

‘शराब का स्वाद अजीब है’, कुलवंत के आखिरी शब्द

पूछताछ में गुड्डी ने रोंगटे खड़े कर देने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि जब कुलवंत को जहर मिली शराब दी गई, तो उसने कहा कि “इसका स्वाद कुछ अजीब लग रहा है।” इस पर शातिर पत्नी ने बात संभालते हुए कहा कि शायद गिलास साफ नहीं होगा और उसे दूसरा पैक बनाकर दे दिया। जहर शरीर में फैलते ही कुलवंत की मौत हो गई, जिसके बाद आरोपी पत्नी और प्रेमी ने शव को कार से ले जाकर हाईवे के पास नहर में फेंक दिया।

मोबाइल की दुकान से शुरू हुई थी प्रेम कहानी

हत्यारोपी प्रेमी कपिल मौर्य उत्तर प्रदेश के मसवासी में मोबाइल की दुकान चलाता है। करीब एक साल पहले गुड्डी की मुलाकात कपिल से उसकी दुकान पर हुई थी। धीरे-धीरे बातचीत प्यार में बदल गई। जब कुलवंत को इस रिश्ते की भनक लगी, तो घर में आए दिन विवाद होने लगा। इसी विवाद और रास्ते के ‘कांटे’ को हटाने के लिए गुड्डी ने 10 साल पुराने वैवाहिक जीवन और दो छोटे बच्चों (9 साल का बेटा और 3 साल की बेटी) की परवाह किए बिना हत्या की साजिश रची।

ससुराल जाकर पूछने लगी पति का पता

वारदात के बाद गुड्डी बेहद शातिर तरीके से व्यवहार कर रही थी। पति को ठिकाने लगाने के बाद वह अपने ससुराल ग्राम खानपुर (रामपुर) चली गई और वहां पति के बारे में पूछने लगी। हालांकि, उसकी सास चंद्रवती को बहू की हरकतों पर शक हो गया था। जब पांच दिन तक कुलवंत का पता नहीं चला, तो 1 मई को आईटीआई थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। पुलिस ने जब गुड्डी और कपिल के कॉल रिकॉर्ड्स खंगाले, तो सारा सच सामने आ गया।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment