देहरादून, 16 मई 2026 (दून हॉराइज़न)। राजधानी देहरादून के डोईवाला क्षेत्र में हुई एक बड़ी चोरी का खुलासा करते हुए पुलिस ने महाराष्ट्र के एक ऐसे गिरोह को पकड़ा है, जिसका काम करने का तरीका किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं है।
इस गिरोह की कमान 76 साल की एक बुजुर्ग महिला के हाथ में थी, जो अपने बुढ़ापे और संभ्रांत पहनावे का फायदा उठाकर सर्राफा व्यापारियों को अपनी बातों के जाल में फंसाती थी। पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 7 लाख रुपये मूल्य की सोने की छह चेन बरामद की हैं।
डोईवाला के नगर चौक स्थित सुरेंद्र कुमार कक्कड़ की ज्वेलरी शॉप में बीती 8 मई को इस गिरोह ने हाथ साफ किया था। गिरोह की मास्टरमाइंड 76 वर्षीय विमला (निवासी रायगढ़, महाराष्ट्र) अपने साथियों वासुदेव नामदेव शिंदे और अन्य के साथ ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल हुई। विमला ने खुद को एक रसूखदार परिवार की बुजुर्ग महिला के तौर पर पेश किया और मोलभाव के दौरान दुकानदार पर दबाव बनाना शुरू कर दिया।
बातों में उलझाकर चोरी का अनूठा तरीका
कोतवाल कुमल कुमार लुंठी के अनुसार, यह गिरोह पूरी रेकी के बाद वारदात को अंजाम देता था। बुजुर्ग महिला दुकानदार को डिजाइन और रेट को लेकर डांटने लगती थी, जिससे दुकानदार उम्र का लिहाज कर उनके सम्मान में व्यस्त हो जाता। इसी बीच गैंग के अन्य सदस्य दुकानदार को दूसरे गहने दिखाने के बहाने उलझा लेते और मौका मिलते ही कीमती जेवर गायब कर देते थे।
डोईवाला से पहले इस गिरोह ने देहरादून शहर के कई अन्य ज्वेलर्स को भी निशाना बनाने की कोशिश की थी। हालांकि, शहर के व्यापारियों की मुस्तैदी के चलते वहां इनकी दाल नहीं गली। डोईवाला में दुकानदार के सरल स्वभाव और बुजुर्ग होने का फायदा उठाकर ये आरोपी वारदात में कामयाब हो गए थे।
हर्रावाला रेलवे स्टेशन से हुई गिरफ्तारी
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी वापस महाराष्ट्र भागने की फिराक में थे। पुलिस टीम लगातार सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों के जरिए इनका पीछा कर रही थी। गुरुवार को जब यह गिरोह हर्रावाला रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहा था, तभी डोईवाला पुलिस ने घेराबंदी कर विमला और उसके साथियों को दबोच लिया।
तलाशी के दौरान इनके पास से चोरी की गई सभी छह सोने की चेन बरामद हो गईं। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। इस खुलासे के बाद पीड़ित व्यापारी ने पुलिस टीम का आभार जताया है।









