---Advertisement---

Ebola Virus : उत्तराखंड में इबोला वायरस को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने जारी की विशेष एडवाइजरी, आप भी रहे अलर्ट

---Advertisement---

देहरादून, 4 जून 2026 (दून हॉराइज़न)। अफ्रीकी देशों कांगो और युगांडा में इबोला वायरस के बढ़ते मामलों और इसे लेकर अंतरराष्ट्रीय चिंताओं के बीच उत्तराखंड में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने सभी सरकारी और निजी अस्पतालों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी करते हुए अलर्ट घोषित किया है।

स्वास्थ्य महानिदेशक (डीजी हेल्थ) डॉ. सुनीता टम्टा के निर्देशों के बाद देहरादून के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. मनोज शर्मा ने जिले भर के अस्पतालों को सख्त हिदायत दी है। इसके तहत इबोला जैसे लक्षणों वाले किसी भी मरीज की पहचान और निगरानी में कोई ढील न बरतने को कहा गया है। विशेषकर उन मरीजों की ट्रैवल हिस्ट्री बारीकी से जांची जाएगी, जो हाल ही में विदेश यात्रा से लौटे हैं या संक्रमित देशों के लोगों के संपर्क में आए हैं।

अस्पतालों और मेडिकल स्टाफ को निर्देशित किया गया है कि अचानक तेज बुखार, शारीरिक कमजोरी, मांसपेशियों में दर्द, सिरदर्द, गले में खराश, उल्टी, दस्त या त्वचा पर लाल चकत्ते जैसे लक्षणों वाले मरीजों पर तुरंत ध्यान दिया जाए।

यदि कोई संदिग्ध मरीज इबोला प्रभावित देशों से लौटा पाया जाता है, तो तय स्वास्थ्य प्रोटोकॉल के अनुसार तत्काल उच्चाधिकारियों को इसकी सूचना देनी होगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि समय रहते पहचान और निगरानी से किसी भी संभावित खतरे को राज्य में प्रवेश करने से रोका जा सकता है।

क्यों जारी हुआ अलर्ट?

वर्तमान में कांगो में इबोला संक्रमण के 282 पुष्ट मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें से 42 मरीजों की जान जा चुकी है। वहीं, पड़ोसी देश युगांडा में भी एक मौत दर्ज की गई है। इस वैश्विक खतरे को देखते हुए भारत सरकार भी सक्रिय है। भारत ने युगांडा को इस बीमारी से निपटने के लिए कंपाला में 2.5 टन तत्काल चिकित्सा आपूर्ति भेजी है।

इसके अलावा, सुरक्षात्मक गियर और नैदानिक उपकरणों से युक्त 43 टन की एक बड़ी खेप भी मदद के तौर पर पहुंचाई गई है। राष्ट्रीय स्तर पर जारी इन्ही चिंताओं के मद्देनजर उत्तराखंड में एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment