---Advertisement---

दिल्ली-देहरादून से हरिद्वार जाने वाले ध्यान दें, भारी भीड़ के चलते बदला रूट

---Advertisement---

हरिद्वार, 13 जून (दून हॉराइज़न)। सोमवती अमावस्या स्नान पर्व और वीकेंड के एक साथ होने के कारण धर्मनगरी हरिद्वार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने की संभावना है। यातायात व्यवस्था को संभालने और जाम से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन ने शनिवार 13 जून से सोमवार 15 जून तक के लिए एक व्यापक ट्रैफिक प्लान लागू कर दिया है। शहर के भीतर और एंट्री पॉइंट पर वाहनों के दबाव को देखते हुए भारी वाहनों के प्रवेश का समय भी तय किया गया है।

दिल्ली-मेरठ और पंजाब से आने वाले वाहनों का रूट

एसएसपी नवनीत सिंह के मुताबिक, दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर और पंजाब की तरफ से आने वाले सभी छोटे-बड़े वाहनों को नारसन, ख्याति ढाबा, गुरुकुल कांगड़ी और शंकराचार्य चौक के रास्ते शहर में प्रवेश दिया जाएगा। इन यात्रियों के लिए अलकनंदा, दीनदयाल, पंतदीप और चमगादड़ टापू में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

यदि नेशनल हाईवे पर गाड़ियों की कतारें लंबी होती हैं और दबाव बढ़ता है, तो इन वाहनों को नगलाइमरती से डायवर्ट कर दिया जाएगा। यहाँ से गाड़ियां लक्सर और फेरूपुर होते हुए सीधे बैरागी कैंप पार्किंग में भेजी जाएंगी।

देहरादून, ऋषिकेश और नजीबाबाद के लिए यह है व्यवस्था

देहरादून और ऋषिकेश की तरफ से आने वाले वाहनों को नेपाली फार्म और रायवाला मार्ग से हरिद्वार लाया जाएगा। इन गाड़ियों को पार्क करने के लिए लालजीवाला, पंतदीप तथा चमगादड़ टापू पार्किंग तय की गई है। वहीं, मुरादाबाद और नजीबाबाद की ओर से आने वाले छोटे वाहन चिड़ियापुर, श्यामपुर और चंडी चौक होते हुए हरिद्वार पहुंचेंगे। इस रूट से आने वाले बड़े वाहनों को नीलधारा-गोरीशंकर पार्किंग में रोका जाएगा।

वापसी के लिए प्रशासन ने बनाया यह प्लान

हरिद्वार में स्नान और दर्शन के बाद मेरठ और दिल्ली की तरफ लौटने वाले वाहनों को देहरादून, ऋषिकेश, नेपाली फार्म, रायवाला और चंडी चौक होते हुए एनएच-344 की तरफ भेजा जाएगा। नजीबाबाद जाने वाले वाहनों को चंडी चौक और श्यामपुर मार्ग से निकाला जाएगा।

पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि अगर शहर में गाड़ियों का दबाव अत्यधिक बढ़ता है, तो चीला मार्ग को केवल शहर से बाहर निकलने वाले वन-वे ट्रैफिक के लिए इस्तेमाल किया जाएगा। गुरुकुल कांगड़ी सर्विस लेन से सिंहद्वार और शंकराचार्य चौक की तरफ ही गाड़ियां चलाई जाएंगी। टोल प्लाजा पर भीड़ बढ़ने की स्थिति में विकल्प के तौर पर नहर पटरी मार्ग खोला जाएगा।

भारी वाहनों की एंट्री पर रहेगी रोक

एसएसपी ने बताया कि शनिवार 13 जून सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक और रविवार 14 जून सुबह 6 बजे से लेकर सोमवती अमावस्या स्नान पर्व के खत्म होने तक हरिद्वार शहर के भीतर भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। सोमवार 15 जून तड़के 3 बजे से ही दिल्ली-मेरठ मार्ग से आने वाले सभी बड़े वाहनों को नगलाइमरती से डायवर्ट कर बैरागी कैंप पार्किंग में भेज दिया जाएगा। देहरादून से आने वाली निजी बसों को जरूरत पड़ने पर मोहंड मार्ग की तरफ मोड़ा जा सकता है।

शुक्रवार को अव्यवस्था से लगा था भीषण जाम

नया ट्रैफिक प्लान लागू होने से ठीक पहले, शुक्रवार को हरिद्वार के हाईवे, सर्विस लेन और आंतरिक रास्तों पर वाहनों की भारी आमद के कारण दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। सिंहद्वार के पास सर्विस लेन पर एक बस खड़ी होने की वजह से यातायात पूरी तरह ठप हो गया था।

इस दौरान एक एंबुलेंस करीब 20 मिनट तक गाड़ियों के बीच फंसी रही, जिसे निकलने का रास्ता नहीं मिल सका। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्थानीय पुलिस को जाम खुलवाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। इसी अव्यवस्था को देखते हुए पुलिस ने शनिवार सुबह से सख्ती बढ़ा दी है।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment