---Advertisement---

बर्फबारी के बीच भी होंगे भगवान के दर्शन, उत्तराखंड सरकार ने तैयार किया विंटर चारधाम प्लान

उत्तराखंड में 12 नवंबर से शीतकालीन चारधाम यात्रा की शुरुआत होने जा रही है। पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने 60 लाख श्रद्धालुओं के नए रिकॉर्ड की जानकारी दी।

देहरादून, 10 नवंबर : उत्तराखंड में इस साल गर्मियों की चारधाम यात्रा नए कीर्तिमान स्थापित करने के बाद अब अपने अंतिम चरण में है। इसी बीच राज्य सरकार ने शीतकालीन चारधाम यात्रा का ऐलान कर दिया है। पर्यटन और धर्मस्व मंत्री सतपाल महाराज के मुताबिक, 12 नवंबर से शीतकालीन यात्रा की औपचारिक शुरुआत होने जा रही है। इसका मुख्य उद्देश्य देवभूमि में पूरे बारह महीने पर्यटन और तीर्थाटन को चालू रखना है, जिससे स्थानीय आर्थिकी को भी बल मिलेगा और श्रद्धालुओं को बर्फबारी के बीच भगवान के दर्शन हो सकेंगे।

60 लाख से ज्यादा श्रद्धालु और नया रिकॉर्ड

दरअसल, इस बार की यात्रा ने पिछले कई वर्षों के रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए हैं। पर्यटन विभाग के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, नौ नवंबर तक चारों धामों में कुल 60,50,312 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। अगर धामों के हिसाब से देखें, तो भगवान बदरीविशाल के दर पर सबसे ज्यादा 22,45,745 यात्रियों ने हाजिरी लगाई। वहीं, बाबा केदारनाथ के दर्शन के लिए 19,13,815 श्रद्धालु पहुंचे। इसके अलावा गंगोत्री में 10,06,463 और यमुनोत्री धाम में 8,84,289 श्रद्धालुओं ने मत्था टेका।

धर्मस्व मंत्री सतपाल महाराज ने कहा, ‘इस सीजन चारधाम की यात्रा काफी अच्छी चली है। अब तक साठ लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं और यात्रा बेहद सफल रही है। आने वाले समय में शीतकालीन यात्रा को बड़े स्तर पर प्रमोट किया जाएगा।’ असल में, सरकार की कोशिश है कि सर्दियों के दौरान भी देश-विदेश के पर्यटक उत्तराखंड आएं। इसके लिए शीतकालीन गद्दीस्थलों के आस-पास की बुनियादी सुविधाओं को तेजी से विकसित किया जा रहा है।

कपाट बंद होने का शेड्यूल

सर्दियों में भारी बर्फबारी के चलते चारों धामों के कपाट बंद कर दिए जाते हैं और भगवान की उत्सव डोलियां शीतकालीन प्रवास के लिए निचले इलाकों में आ जाती हैं। आज अन्नकूट पर्व और गोवर्धन पूजा के मौके पर 10 नवंबर को दोपहर 12:05 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान के साथ गंगोत्री धाम के कपाट बंद कर दिए गए।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment