---Advertisement---

देहरादून : लालपुल पर बेकाबू सिटी बस ने फुटपाथ पर बैठे मजदूरों को रौंदा, एक की मौत

---Advertisement---

देहरादून : राजधानी देहरादून के कोतवाली पटेल नगर क्षेत्र के अंतर्गत लालपुर (लालपुल) के समीप एक अनियंत्रित सिटी बस ने सड़क किनारे बैठे पांच मजदूरों को बुरी तरह कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में राजीव नगर निवासी 22 वर्षीय युवक आहत की मौके पर ही मौत हो गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। घटना के बाद चारों तरफ चीख-पुकार मच गई।

हादसे की शिकार हुई सिटी बस आईएसबीटी से सवारी लेकर घंटाघर की तरफ रवाना हुई थी। लालपुल के पास पहुंचते ही गाड़ी अचानक सड़क से नीचे उतर गई और फुटपाथ को तोड़ते हुए आगे बढ़ गई। वहां रोजाना की तरह मजदूरी मिलने की उम्मीद में खड़े लोग इसकी चपेट में आ गए। रफ्तार इतनी तेज थी कि बस सीधे एक स्थानीय होटल के मुख्य गेट से जाकर टकराई और रुक गई।

मौके पर मौजूद चश्मदीदों के मुताबिक फुटपाथ पर बैठे श्रमिक रोजमर्रा के काम की तलाश में वहां एकत्र हुए थे। बस के पहियों के नीचे संजीत, रतन, मानसिंह, आहद और सुखराज आ गए। स्थानीय निवासियों और राहगीरों ने बिना वक्त गंवाए मलबे और पहियों के नीचे दबे घायलों को बाहर निकाला। समय पर सरकारी एंबुलेंस सेवा मौके पर नहीं पहुंच सकी थी। लोगों ने तुरंत ई-रिक्शा और ऑटो का इंतजाम किया और घायलों को श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल भिजवाया।

होटल के दरवाजे से टकराकर बस के रुकने से एक बहुत बड़ा हादसा होने से टल गया वरना हताहतों की संख्या कहीं ज्यादा हो सकती थी। पुलिस की शुरुआती तफ्तीश में यह बात सामने आई है कि बस चला रहे ड्राइवर अर्जुन गुरुंग को गाड़ी चलाने के दौरान अचानक मिर्गी का दौरा पड़ गया था। दौरा पड़ते ही उसका स्टेयरिंग से नियंत्रण पूरी तरह छूट गया और यह भयानक वाकया पेश आया।

कोतवाली पटेल नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बस चालक अर्जुन गुरुंग को हिरासत में ले लिया है। दुर्घटना का शिकार बनी सिटी बस को भी क्रेन की मदद से कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया गया है। इस वीभत्स एक्सीडेंट को देखकर बाजार में मौजूद लोग सहम गए और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस टीम ने काफी मशक्कत के बाद यातायात व्यवस्था को सुचारू करवाया।

देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेंद्र डोबाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि लालपुर के पास सिटी बस से कई लोगों को कुचलने की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी।

ड्राइवर को हिरासत में लेकर उसका मेडिकल कराया जा रहा है क्योंकि प्रथम दृष्टया उसे दौरा पड़ने की बात कही गई है। घटना के हर पहलू की विधिक जांच की जा रही है और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment