लक्सर, 24 जून, 2026 (दून हॉराइज़न)।
Pranav Singh Champion Controversy : हरिद्वार जिले की खानपुर विधानसभा सीट से पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन एक बार फिर नए कानूनी विवाद में घिर गए हैं। लक्सर कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले एक व्यक्ति ने पूर्व विधायक पर फोन पर बेहद भद्दी गालियां देने, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने और जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज आरोप लगाया है।
इस पूरे घटनाक्रम से जुड़ा एक कथित ऑडियो-वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से तैर रहा है, जिसके बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस को पीड़ित पक्ष की तरफ से लिखित तहरीर सौंप दी गई है, हालांकि अभी तक इस मामले में मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।
शांतरशाह गांव के रहने वाले जोगेंद्र ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि 22 जून की शाम करीब 7 बजे वह अपने बहनोई संजीव कुमार के साथ कार से खेड़ी लौट रहे थे। गांव के पास ही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक किया और इस दौरान कार सवार व्यक्ति ने उनकी गाड़ी पर हाथ मारा। जोगेंद्र और संजीव ने उस समय इस बात को नजरअंदाज कर दिया और अपने गांव चले गए।
अगले दिन अचानक पुलिस ने संजीव को फोन कर कोतवाली बुलाया और बताया कि उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसके बाद उन्हें पता चला कि वह गाड़ी पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन की थी।
मामले को शांत कराने और बीच-बचाव के इरादे से उनके साथी वीर सिंह ने पूर्व विधायक चैंपियन को फोन मिलाया। आरोप है कि फोन उठते ही पूर्व विधायक अपना आपा खो बैठे और उन्होंने संजीव को लगातार गालियां देना शुरू कर दिया।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि चैंपियन ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए न सिर्फ जान से मारने की धमकी दी, बल्कि घर पर दस लोग भेजकर परिवार की महिलाओं के साथ सामूहिक दुष्कर्म कराने की बात भी कही। ग्रामीणों ने इस पूरी बातचीत का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो अब इंटरनेट पर वायरल है।
भीम आर्मी की एंट्री और गनर की जवाबी तहरीर
इस विवाद की भनक लगते ही भीम आर्मी के कार्यकर्ता भी सक्रिय हो गए और भारी संख्या में लक्सर कोतवाली पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने पूर्व विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पुलिस प्रशासन से चैंपियन के खिलाफ तुरंत मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की। पुलिस मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फूंक-फूंक कर कदम रख रही है।
दूसरी तरफ, इस पूरे मामले में पूर्व विधायक प्रणव सिंह चैंपियन के गनर संजय चौहान ने भी मोर्चा संभाल लिया है। गनर ने खेड़ी कलां गांव के रहने वाले संजीव कुमार और चार अज्ञात लोगों के खिलाफ लक्सर कोतवाली में जवाबी तहरीर दी है। गनर का आरोप है कि कार सवार युवकों ने बेहद खतरनाक तरीके से गाड़ी चलाते हुए पूर्व विधायक के वाहन को टक्कर मारने की कोशिश की और उनके साथ गाली-गलौज की। सुरक्षा को खतरे में डालने के आरोप लगाते हुए गनर ने पुलिस से इन युवकों के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की मांग की है।
चैंपियन ने बताया एआई की साजिश, एसपी बोले होगी जांच
अपने ऊपर लगे गंभीर आरोपों और वायरल वीडियो पर पूर्व विधायक प्रणव सिंह चैंपियन ने अपनी सफाई पेश की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर चल रहे वीडियो को पूरी तरह फर्जी बताते हुए इसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) द्वारा तैयार किया गया वीडियो करार दिया है। चैंपियन का कहना है कि जब वह लक्सर से गुजर रहे थे, तो इन युवकों ने उनकी सुरक्षा घेरे को तोड़ने की कोशिश की और उनकी गाड़ी में टक्कर मारी।
पूर्व विधायक ने साफ कहा कि जब उनकी शिकायत पर पुलिस ने दूसरे पक्ष को थाने बुलाया, तो उन्होंने बचने के लिए विरोधियों के साथ मिलकर यह एआई जनरेटेड फर्जी वीडियो तैयार कर दिया। चैंपियन ने कहा कि वह हमेशा सबका सम्मान करते आए हैं और आगामी चुनाव को देखते हुए राजनीतिक द्वेष के कारण यह फर्जी कार्रवाई की जा रही है।
इस पूरे हाई-प्रोफाइल मामले पर एसपी शेखर चंद सयाल ने स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने बताया कि एक-दो दिन पुराने इस घटनाक्रम को लेकर कुछ लोग वीडियो के साथ थाने पहुंचे हैं। लक्सर थाना अध्यक्ष को पूरे मामले की बारीकी से तफ्तीश करने के निर्देश दे दिए गए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और दोनों पक्षों की तरफ से मिली तहरीरों के सारे तथ्य कंफर्म होने के बाद ही इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









