---Advertisement---

Tehri Garhwal News : मां के सोते समय घर से निकला था 5 वर्षीय अंशु, मलबे में दबा मिला

---Advertisement---

नई टिहरी, 27 जून 2026 (दून हॉराइज़न)।

Tehri Garhwal News : बालगंगा तहसील के खिरबेल गांव में शुक्रवार शाम से लापता पांच वर्षीय मासूम अयांस (अंशु) की तलाश शनिवार दोपहर दुखद रूप से खत्म हो गई। गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर सुनार्ती तौक के गदेरे में पानी और भारी मिट्टी के मलबे के बीच दबी हुई अवस्था में बच्चे का शव बरामद किया गया है।

थानाध्यक्ष अजय जाटव के नेतृत्व में पुलिस, एसडीआरएफ और वन विभाग की संयुक्त टीम ने आज सुबह दोबारा सघन सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। दोपहर करीब 12 बजे रेस्क्यू टीमों को सुनार्ती तौक इलाके के उफनते गदेरे में सफलता मिली। शव मिलने की खबर गांव तक पहुंचते ही खिरबेल में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पूरण सिंह जुगत्वाण का पांच वर्षीय पुत्र अयांस शुक्रवार दोपहर करीब चार बजे घर से अचानक गायब हुआ था। घटना के वक्त बच्चे की मां नीतू देवी घर के भीतर आराम कर रही थीं और उन्हें भनक तक नहीं लगी। बच्चा किसी की नजरों में आए बिना चुपचाप दरवाजे से बाहर निकल गया।

ग्राम प्रधान रामप्यारी देवी ने रेस्क्यू टीमों को बताया कि बच्चे के घर से निकलते ही पूरे इलाके में अचानक भयानक आंधी-तूफान के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई थी। पहाड़ों पर हुई इस भारी बारिश के कारण खिरबेल गांव के आसपास बहने वाले गदेरों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। मासूम के तेज बहाव की चपेट में आने की आशंका पहले ही दिन से जताई जा रही थी।

शाम ढलने तक जब अयांस घर नहीं लौटा तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की और कुछ ही देर में पूरे गांव में अफरातफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों की भारी भीड़ ने तुरंत स्थानीय स्तर पर आसपास के घने जंगलों, खेतों और पहाड़ी गदेरों की खाक छाननी शुरू कर दी।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने राजस्व विभाग, क्षेत्रीय पुलिस और एसडीआरएफ की टुकड़ियों को तत्काल मौके पर रवाना कर दिया था। देर रात तक चले संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान घने अंधेरे में कुछ ग्रामीणों ने बच्चे पर जंगली जानवर के हमले का अंदेशा भी जताया। वन विभाग की टीम भी इसी आशंका के चलते अलर्ट मोड पर रातभर स्थानीय लोगों के साथ जंगलों में तलाशी अभियान चलाती रही।

रात भर की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह रोशनी होते ही रेस्क्यू टीमों ने गदेरों के बहाव की दिशा में अपनी तफ्तीश आगे बढ़ाई। सुनार्ती तौक के पास गदेरे के किनारे जमा हुए मलबे की खुदाई करने पर मासूम का शव बरामद कर लिया गया। प्रशासन की टीम मौके पर विधिक कार्रवाई पूरी कर रही है।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment