मसूरी, 28 जून 2026 (दून हॉराइज़न)।
Mussoorie Fastag Tax : मसूरी और आसपास के स्थानीय निवासियों को ईको टैक्स से छूट पाने के लिए अब अगले तीन महीने के भीतर अपनी गाड़ियों का पूरा डाटा नगर पालिका दफ्तर में दर्ज कराना होगा। शहर को जाम के झाम से निकालने और टैक्स वसूली में होने वाली धांधली रोकने के लिए कोल्हूखेत सहित पालिका के दो मुख्य एंट्री बैरियरों पर फास्टैग सिस्टम इंस्टाल किया जा रहा है।
शनिवार को हुई अहम बैठक में डिजिटल वसूली प्रणाली और लेन व्यवस्था में सुधार के मसौदे पर मोहर लग गई। यह नई फास्टैग लेन पूरी तरह से पर्यटकों और बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों के लिए रिजर्व रहेगी।
पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी की अध्यक्षता में हुई इस लंबी बैठक में एनएचएआई के प्रतिनिधियों ने भी अपनी तकनीकी रिपोर्ट पेश की। एनएचएआई टीम ने बैरियर पर लगने वाले स्कैनर, सर्वर लिंक और फास्टैग की कार्यप्रणाली का सीधा प्रजेंटेशन अधिकारियों और स्थानीय प्रतिनिधियों के सामने रखा।
फास्टैग सिस्टम में स्थानीय लोगों के वाहनों की सूची फीड की जाएगी। जिस गाड़ी का नंबर पालिका के सिस्टम में दर्ज होगा, उसे बैरियर पर बिना टैक्स काटे ही सीधे ग्रीन सिग्नल मिल जाएगा। बाहरी वाहनों पर फास्टैग नहीं होने की स्थिति में कितना जुर्माना या अतिरिक्त शुल्क वसूला जाएगा, इसका निर्धारण अभी नहीं हुआ है। अगली बोर्ड बैठक में इस शुल्क की नई दरें तय होंगी।
टिहरी और उत्तरकाशी जिलों से रोजमर्रा के काम के लिए मसूरी आने वाले वाहनों को इस नई व्यवस्था में बड़ी राहत दी गई है। इन दोनों जिलों के निवासियों को ईको टैक्स से पूरी तरह मुक्त रखा जाएगा।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन ने बताया कि कोल्हूखेत बैरियर पर फास्टैग लागू होने के तुरंत बाद टिहरी और उत्तरकाशी के वाहनों के लिए एक अलग से पास सिस्टम डवलप किया जाएगा। इन वाहन मालिकों के लिए भी अपना रजिस्ट्रेशन कराना एकदम अनिवार्य शर्त होगी। दोपहिया वाहनों को फास्टैग के दायरे से बाहर रखा गया है। उनके लिए एक अलग लेन काम करेगी जहां पुरानी व्यवस्था के तहत ही मैनुअल तरीके से टैक्स लिया जाएगा।
मालरोड पर गाड़ियों की एंट्री को लेकर भी एक नया ड्राफ्ट तैयार किया गया है। मालरोड बैरियर पर भी वाहनों के प्रवेश के लिए फास्टैग लागू करने का प्रस्ताव बैठक में रखा गया, जिस पर अलग-अलग संगठनों से सुझाव मांगे गए हैं। इस नई योजना के तहत बाहरी गाड़ियों का टैक्स ऑनलाइन या मैनुअल कटेगा, जबकि लोकल गाड़ियां अपने रजिस्ट्रेशन डेटाबेस के आधार पर ऑटोमेटिक छूट पाएंगी।
ईको टैक्स की इस पूरी डिजिटल शिफ्टिंग को लेकर शहर के व्यापारी और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने लंबी चर्चा की। बैठक में शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता, जसबीर कौर, रणवीर कंडारी और विशाल खरोला मौजूद रहे।
पंकज खत्री, पवन थलवाल, सचिन गुहेर और शिवानी भारती ने भी व्यवस्था में सुधार को लेकर अपनी बात रखी। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल और व्यापार संघ के अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने फास्टैग प्रणाली की कार्ययोजना में व्यापारियों के सुझाव जोड़े।









