---Advertisement---

‘King Of Uttarakhand’ गिरोह का गैंगस्टर रवि गुप्ता गिरफ्तार, नेपाल भागने की थी प्लानिंग

---Advertisement---

दून हॉराइज़न, देहरादून (29 अगस्त) : जमीनों पर अवैध कब्जे, रंगदारी और ब्लैकमेलिंग के जरिए आतंक फैलाने वाले ‘किंग ऑफ उत्तराखण्ड’ गैंग (King of Uttarakhand Gang) के फरार इनामी बदमाश रवि कुमार गुप्ता को दून पुलिस ने महाराजगंज जिले के सोनौली बॉर्डर से दबोच लिया है।

यह भी पढ़ें : चकराता में लालपुल के पास 35 मीटर खाई में गिरी दिल्ली नंबर की कार, 4 पर्यटक हायर सेंटर रेफर

आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए नेपाल में पनाह लेने की जुगत में सीमा पार करने ही वाला था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने लगातार फरार चल रहे इस शातिर पर ₹25,000 का इनाम घोषित कर रखा था।

नेपाल भागने की फिराक में था आरोपी रवि गुप्ता

मुखबिर तंत्र से पुलिस को पक्की सूचना मिली थी कि ऋषिकेश के शिवाजी नगर निवासी रवि गुप्ता (38 वर्ष) एक सफेद स्कॉर्पियो में सवार होकर उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले से लगने वाले सोनौली बॉर्डर के रास्ते नेपाल भागने वाला है।

सूचना मिलते ही ऋषिकेश कोतवाली और डोईवाला पुलिस की संयुक्त टीम ने स्थानीय यूपी पुलिस के साथ तालमेल बैठाकर सोनौली सीमा पर नाकेबंदी कर दी। 28 अगस्त की शाम पुलिस ने वाहन संख्या यूके-14-एन-5344 (महिंद्रा स्कॉर्पियो) को रोककर तलाशी ली, जिसमें रवि गुप्ता बैठा मिला।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से नेपाल कस्टम द्वारा जारी वाहन आवाजाही के अभिलेख, नेपाल में वाहन के ठहरने की समयसीमा बढ़ाने संबंधी दस्तावेज और यातायात व्यवस्था सेवा कार्यालय का अनुमति-पत्र बरामद हुआ। इन कागजातों से साफ है कि वह नेपाल में लंबे समय तक छिपने का पूरा बंदोबस्त कर चुका था।

ब्लैकमेलिंग और जमीन कब्जों का संगठित गिरोह

ऋषिकेश कोतवाली में दर्ज मु0अ0सं0- 405/2026 में गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम (Gangster Act) के तहत यह कार्रवाई की गई है। गिरोह का सरगना जगजीत उर्फ जग्गा अपने साथियों के साथ मिलकर पारिवारिक और जमीन विवादों में दखल देता था।

लोगों को डरा-धमकाकर मारपीट करना, अवैध वसूली, आपत्तिजनक फोटो-वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करना और सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देना इस गिरोह का मुख्य काम था। पुलिस इस गिरोह के सरगना जग्गा समेत तीन अन्य सक्रिय सदस्यों को पहले ही सलाखों के पीछे भेज चुकी है।

रवि गुप्ता पर आबकारी अधिनियम, दलित उत्पीड़न (SC/ST Act) और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं (धमकी, धोखाधड़ी व मारपीट) के तहत चार आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment