---Advertisement---

Operation Prahar : डोईवाला से गैंगस्टर एक्ट में वांछित गैंगलीडर क्रान्तानाथ गिरफ्तार

देहरादून पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत डोईवाला से गैंगस्टर एक्ट में वांछित गैंगलीडर क्रान्तानाथ को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर 8 आपराधिक केस दर्ज हैं।

देहरादून, 04 नवंबर: उत्तराखंड में संगठित अपराधियों और गिरोहों पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत दून पुलिस को सफलता मिली है। डोईवाला कोतवाली पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित चल रहे गैंगलीडर क्रान्तानाथ को कस्बा चौक से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी हरिद्वार जनपद का रहने वाला है और उस पर देहरादून व हरिद्वार के विभिन्न थानों में चोरी, नकबजनी और आर्म्स एक्ट समेत आठ संगीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

डीएम के अनुमोदन के बाद दर्ज हुआ था मुकदमा

पुलिस के मुताबिक क्रान्तानाथ अपने साथियों के साथ मिलकर संगठित तरीके से मकानों के ताले तोड़ने, चोरी और नकबजनी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। गिरोह की लगातार सक्रियता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक डोईवाला ने आरोपियों के खिलाफ विस्तृत गैंगचार्ट तैयार किया था। जिलाधिकारी देहरादून और उच्चाधिकारियों से अनुमोदन मिलने के बाद 30 अक्टूबर को कोतवाली डोईवाला में गैंगलीडर क्रान्तानाथ और उसके तीन अन्य साथियों के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 336/2026 में धारा 2/3 गैंगस्टर एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था।

मुखबिर की सूचना पर कस्बा चौक से दबोचा

मुकदमा दर्ज होते ही आरोपी और उसके साथी गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार हो गए थे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर कोतवाली डोईवाला में उपनिरीक्षक विपिन खण्डूरी, उपनिरीक्षक शिवदत्त जमलोकी, मुख्य आरक्षी सुधीर सैनी और आरक्षी वीर सिंह की टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर सुरागरसी की। 3 नवंबर को सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने 27 वर्षीय आरोपी क्रान्तानाथ (पुत्र मौसमनाथ, निवासी सपेरा बस्ती घिस्सुपुरा, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार) को डोईवाला कस्बा चौक से गिरफ्तार कर लिया।

देहरादून और हरिद्वार में लंबा आपराधिक इतिहास

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी क्रान्तानाथ के खिलाफ दोनों जनपदों में मुकदमों की लंबी फेहरिस्त है। इनमें कोतवाली डोईवाला और रानीपोखरी में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(ए), 331(4), 317(2) और 3(5) के तहत नकबजनी के मामले शामिल हैं। इसके अलावा रानीपोखरी और डोईवाला में आर्म्स एक्ट, थाना रायपुर में भारतीय दंड संहिता के तहत चोरी के दो मामले और हरिद्वार के ज्वालापुर कोतवाली में भी चोरी का केस दर्ज है।

पुलिस अब मामले में नामजद गिरोह के बाकी तीन अन्य फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में सक्रिय आपराधिक गिरोहों को चिह्नित कर उनके खिलाफ गुंडा और गैंगस्टर एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment