---Advertisement---

बदरीनाथ हाईवे पर कलियासौड़ में बनेगी दो मंजिला पार्किंग, धारी देवी मंदिर में जाम से मिलेगी निजात

पौड़ी के श्रीनगर स्थित मां धारी देवी मंदिर के पास 100 वाहनों की क्षमता वाली दो मंजिला आधुनिक पार्किंग बनेगी। इसके लिए 0.14 हेक्टेयर भूमि चिह्नित की गई है।

पौड़ी, 15 नवंबर : उत्तराखंड के प्रमुख आस्था केंद्र मां धारी देवी मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं और चारधाम यात्रियों को जल्द ही जाम से मुक्ति मिलेगी। राज्य सरकार ने पौड़ी गढ़वाल के श्रीनगर क्षेत्र में मंदिर के समीप दो मंजिला आधुनिक पार्किंग बनाने की प्रक्रिया तेज कर दी है, जहां करीब 100 ईसीएस (इक्विवेलेंट कार स्पेस) वाहन खड़े हो सकेंगे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के तहत प्रस्तावित इस योजना पर आवास एवं राज्य संपत्ति सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार के निर्देशन में प्रशासनिक और तकनीकी कार्यवाही आगे बढ़ाई जा रही है। दरअसल, मंदिर में साल भर देश-विदेश से श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है। चारधाम यात्रा और प्रमुख धार्मिक पर्वों के दौरान यहां वाहनों की संख्या कई गुना बढ़ जाती है, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बुरी तरह प्रभावित होता है।

कलियासौड़ में चिह्नित हुई 0.14 हेक्टेयर भूमि

जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण पौड़ी के अनुसार, पार्किंग निर्माण के लिए श्रीनगर तहसील की पट्टी चलणल्यूं अंतर्गत ग्राम कलियासौड़ में कुल 0.14 हेक्टेयर भूमि चिह्नित की गई है। यह स्थल ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-07 के बाईं ओर स्थित है। भौगोलिक रूप से यह जमीन श्रीनगर जल विद्युत परियोजना के जलाशय की डाउन साइड टर्निंग साइट के बिल्कुल नजदीक है। मंदिर के समीप होने के कारण श्रद्धालुओं के लिए यह स्थान बेहद सुविधाजनक साबित होगा।

जीआईएस सर्वेक्षण पूरा, अब डिजाइन पर होगा काम

चिह्नित भूमि की भौगोलिक और तकनीकी उपयुक्तता जांचने के लिए जीआईएस (भौगोलिक सूचना प्रणाली) के माध्यम से भू-सर्वेक्षण पूरा कर लिया गया है। सर्वेक्षण रिपोर्ट में निर्धारित शर्तों के अधीन इस जमीन को पार्किंग निर्माण के लिए उपयुक्त पाया गया है। योजना के खाके के मुताबिक, लगभग 20 मीटर गुणा 70 मीटर क्षेत्रफल में दो मंजिला ढांचा तैयार किया जाएगा।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment