---Advertisement---

उत्तराखंड में 2050 तक बदल जाएगी विकास की तस्वीर, सड़क, रोजगार और पर्यटन पर रहेगा बड़ा फोकस

उत्तराखंड सरकार ने 2050 तक विकास का रोडमैप तैयार किया है। अर्थव्यवस्था 28.48 लाख करोड़ और रोजगार के 22.11 लाख अवसर बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

देहरादून, 17 नवंबर : उत्तराखंड को वर्ष 2050 तक आदर्श हिमालयी राज्य बनाने के लिए सरकार ने दीर्घकालिक विकास रोडमैप तैयार किया है। इस विजन के तहत राज्य की अर्थव्यवस्था को 3.48 लाख करोड़ रुपये से बढ़ाकर 28.48 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही रोजगार, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की योजना भी बनाई गई है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में तैयार किए गए इस विजन की जानकारी मुख्यमंत्री के सलाहकार (सेतु आयोग अवस्थापना विकास) एवं पूर्व मंत्री दिनेश अग्रवाल ने दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश के समग्र और संतुलित विकास को ध्यान में रखते हुए वर्ष 2050 तक के लिए अलग-अलग क्षेत्रों में लक्ष्य और प्राथमिकताएं निर्धारित की गई हैं।

खास बात यह है कि वर्ष 2050 में उत्तराखंड राज्य गठन की स्वर्ण जयंती मनाएगा। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार ने आने वाले वर्षों में आर्थिक मजबूती, रोजगार के अवसर, सामाजिक विकास और पर्यावरण संरक्षण को एक साथ आगे बढ़ाने की योजना बनाई है।

छह प्रमुख क्षेत्रों को केंद्र में रखकर बनाया रोडमैप

दिनेश अग्रवाल के मुताबिक, प्रदेश की विकास यात्रा को नई दिशा देने के लिए छह प्रमुख क्षेत्रों को प्राथमिकता दी गई है। इनमें आर्थिकी एवं रोजगार, सामाजिक विकास, वन एवं पर्यावरण, आधारभूत ढांचे का विकास, स्थानीय निकायों का सशक्तीकरण और तकनीक आधारित सुशासन शामिल हैं।

इन छह क्षेत्रों के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की गई है। इसका उद्देश्य प्रदेश के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों का संतुलित विकास करना तथा विकास की प्रक्रिया को केवल आर्थिक आंकड़ों तक सीमित न रखना है।

आर्थिक क्षेत्र में राज्य की सकल घरेलू उत्पाद यानी जीएसडीपी को मौजूदा 3.48 लाख करोड़ रुपये से बढ़ाकर 28.48 लाख करोड़ रुपये करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी तरह प्रति व्यक्ति आय को 2.94 लाख रुपये से बढ़ाकर 20.4 लाख रुपये तक पहुंचाने की योजना है।

रोजगार के मोर्चे पर सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम यानी एमएसएमई क्षेत्र को महत्वपूर्ण भूमिका दी गई है। इस क्षेत्र के माध्यम से करीब 22.11 लाख रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर सृजित करने का लक्ष्य रखा गया है। इससे प्रदेश में छोटे उद्योगों और उद्यमिता को बढ़ावा देने की योजना है।

पर्यटन और शिक्षा में तय किए बड़े लक्ष्य

उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था में पर्यटन की महत्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए इस क्षेत्र के लिए भी बड़े लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। विजन के अनुसार, वर्ष 2050 तक प्रदेश में पर्यटकों की संख्या मौजूदा स्तर से 2.5 गुना बढ़ाने का लक्ष्य है। वहीं अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों की संख्या दस गुना तक बढ़ाने की योजना बनाई गई है।

शिक्षा के क्षेत्र में स्कूलों में पढ़ाई छोड़ने वाले विद्यार्थियों की संख्या को शून्य तक लाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके तहत प्राथमिक से माध्यमिक स्तर तक ड्रॉपआउट दर शून्य करने की योजना है।

उच्च शिक्षा को रोजगार से जोड़ने के लिए भी लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। उच्च शिक्षा में 87 प्रतिशत तक रोजगारोन्मुखी शिक्षा उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा पॉलिटेक्निक संस्थानों में प्लेसमेंट दर को 90 प्रतिशत तक पहुंचाने की योजना है।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment