---Advertisement---

श्रीनगर से देहरादून का सफर होगा आसान, मुख्यमंत्री ने हेली सेवा जल्द शुरू करने की घोषणा की

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रीनगर में बैकुंठ चतुर्दशी मेले का शुभारंभ कर साइंस सिटी, आधुनिक घाट, नगर निगम भवन और देहरादून हेली सेवा की घोषणा की।

श्रीनगर गढ़वाल, 23 नवंबर : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को पौड़ी जिले के श्रीनगर में बैकुंठ चतुर्दशी मेले एवं विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए कई घोषणाएं कीं। श्रीनगर में साइंस सिटी विकसित करने, पंचप्रयाग और धारी देवी मंदिर के पास आधुनिक घाट बनाने तथा देहरादून के लिए जल्द हेली सेवा शुरू करने का ऐलान किया।

मुख्यमंत्री ने कमलेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम में स्थानीय लोगों ने पारंपरिक ढोल-दमाऊं, पुष्पवर्षा और जयकारों के साथ उनका स्वागत किया।

मेले में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और ग्रामोत्थान परियोजना के तहत लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का मुख्यमंत्री ने निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय उत्पादों और महिला स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों की जानकारी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पारंपरिक सिलबट्टे पर पहाड़ी नमक भी पीसा।

श्रीनगर में साइंस सिटी और हेली सेवा शुरू करने का ऐलान

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि अलकनंदा नदी के किनारे बसा श्रीनगर धार्मिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थान रखता है। कमलेश्वर महादेव मंदिर को उन्होंने प्रदेश की धार्मिक आस्था और पौराणिक परंपराओं का महत्वपूर्ण केंद्र बताया।

उन्होंने कहा कि बैकुंठ चतुर्दशी मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं है, बल्कि लोकसंस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता का प्रतीक भी है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का काम करते हैं।

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) के माध्यम से श्रीनगर में साइंस सिटी विकसित करने की घोषणा की। इसके साथ ही श्रीनगर नगर निगम के नए कार्यालय भवन के निर्माण को भी स्वीकृति देने की बात कही।

धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए उन्होंने विष्णुप्रयाग, नंदप्रयाग, कर्णप्रयाग, रुद्रप्रयाग और देवप्रयाग में आधुनिक घाटों के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण की घोषणा की। धारी देवी मंदिर के समीप भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आधुनिक घाट विकसित किया जाएगा।

श्रीनगर से देहरादून के बीच जल्द हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने की घोषणा भी की गई। मुख्यमंत्री के मुताबिक इससे स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों और श्रद्धालुओं को आवागमन में बेहतर सुविधा मिलेगी।

उन्होंने बैकुंठ चतुर्दशी मेले के आयोजन के लिए सरकारी सहयोग देने की भी घोषणा की।

200 करोड़ की सीवर परियोजना और 650 करोड़ से बन रहा एनआईटी

मुख्यमंत्री ने श्रीनगर क्षेत्र में चल रही विकास परियोजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि लगभग 200 करोड़ रुपये की सीवर लाइन परियोजना को आगे बढ़ाया जा रहा है। वहीं, करीब 650 करोड़ रुपये की लागत से राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) का निर्माण कार्य प्रगति पर है।

उन्होंने बताया कि क्षेत्र में पैरामेडिकल कॉलेज और नर्सिंग कॉलेज की स्थापना के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।

पेयजल व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री ने मंडी-चौरास-जाखणी पंपिंग पेयजल योजना का जिक्र किया। इस योजना पर लगभग 37 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं।

इसके अलावा राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज श्रीनगर में आवासीय बालक छात्रावास का निर्माण कराया जा रहा है। शहर में आधुनिक बस स्टैंड और पार्किंग सुविधाओं का विकास भी किया जा रहा है। कोटद्वार-पौड़ी-श्रीनगर सड़क के दो लेन चौड़ीकरण की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।

मुख्यमंत्री ने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसका काम तेजी से चल रहा है। रेल कनेक्टिविटी बढ़ने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और पर्यटन के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में उन्होंने बताया कि बेस अस्पताल श्रीनगर में करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण किया गया है।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment