बिंदुखत्ता में एक हजार लोगों की क्षमता वाला सांस्कृतिक सभागार बनेगा। धामी ने प्रहलाद सिंह मेहरा के गांव में विद्यालय और स्टेडियम बनाने की घोषणा भी की।
बिंदुखत्ता (नैनीताल), 23 नवंबर : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बिंदुखत्ता में एक हजार लोगों की बैठक क्षमता वाले सांस्कृतिक सभागार के निर्माण की घोषणा की है। इसके साथ ही महान लोकगायक स्वर्गीय प्रहलाद सिंह मेहरा के पैतृक गांव में उनकी स्मृति में विद्यालय और स्टेडियम सहित अन्य विकास कार्य कराने का भी एलान किया।
मुख्यमंत्री सोमवार को नैनीताल जिले के बिंदुखत्ता में जन जागृति सांस्कृतिक कला समिति की ओर से आयोजित तीन दिवसीय लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव के समापन समारोह में शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की और लोकगायक प्रहलाद सिंह मेहरा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय मेहरा के परिजनों को सम्मानित भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकगायक प्रहलाद सिंह मेहरा केवल एक कलाकार नहीं, बल्कि उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और लोककला के सच्चे साधक थे। उनके गीतों में पहाड़ के कठिन जनजीवन, मातृशक्ति के संघर्ष, युवाओं की भावनाओं और सामाजिक चेतना की अभिव्यक्ति देखने को मिलती है।
प्रहलाद सिंह मेहरा के गीतों को याद कर बताई सांस्कृतिक विरासत
मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय प्रहलाद सिंह मेहरा के चर्चित गीतों का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी गायकी के जरिए समाज को जागरूक करने और लोगों को अपनी जन्मभूमि, संस्कृति तथा परंपराओं से जुड़े रहने का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि ‘गर्भ भितेरा बेटी ना मार’ जैसे गीत के माध्यम से मेहरा ने बेटियों के सम्मान और उनके जीवन के अधिकार की बात उठाई। वहीं, ‘ऐजा मेरा दानपुरा’ गीत में अपनी जन्मभूमि के प्रति उनका गहरा लगाव दिखाई देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘किसी कलाकार की सबसे बड़ी उपलब्धि यही होती है कि उसके जाने के बाद भी उसकी कला और रचनाएं समाज को प्रेरित करती रहें।’ उन्होंने कहा कि प्रहलाद सिंह मेहरा ने अपनी लोकगायकी से यह स्थान हासिल किया है।
धामी ने उनकी सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने के लिए परिजनों और प्रशंसकों की ओर से किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने महोत्सव के आयोजन के लिए जन जागृति सांस्कृतिक कला समिति को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन लोकभाषाओं, लोकगीतों, लोकसंगीत और पारंपरिक रीति-रिवाजों को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मुख्यमंत्री के मुताबिक उत्तराखंड की पहचान केवल प्राकृतिक सुंदरता तक सीमित नहीं है। यहां की लोकसंस्कृति, लोकभाषाएं और परंपराएं भी राज्य की पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। आधुनिकता के दौर में इनका संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है।
बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने की मांग पर क्या बोले धामी
मुख्यमंत्री ने बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने के मुद्दे पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही अपेक्षाओं से जुड़ा विषय है। राज्य सरकार इस संबंध में आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई कर रही है और भारत सरकार के साथ लगातार संवाद किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वनाधिकार समिति, बिंदुखत्ता के प्रतिनिधियों से भी इस मुद्दे पर चर्चा की और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
दरअसल, बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम का दर्जा दिलाने की मांग लंबे समय से उठ रही है। इससे पहले 19 जून 2024 को जिला स्तरीय वन अधिकार समिति ने क्षेत्र के सामूहिक वनाधिकार दावे को स्वीकृति देकर शासन को भेजा था। 18 सितंबर 2024 को बिंदुखत्ता वनाधिकार समिति के प्रतिनिधिमंडल ने तत्कालीन मुख्य सचिव राधा रतूड़ी और संबंधित विभागों के अधिकारियों से मुलाकात कर अधिसूचना जारी करने की मांग उठाई थी।
इसके बाद 27 सितंबर 2026 को वनाधिकार संगठन के आह्वान पर ग्रामीणों ने लालकुआं में रैली और धरना-प्रदर्शन किया था। उनकी मांग राजस्व ग्राम की अधिसूचना जारी करने और बंदोबस्ती की प्रक्रिया शुरू कराने की रही है।
लालकुआं क्षेत्र में पुल और बिजली के काम गिनाए
मुख्यमंत्री ने लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि शेरनाला पर करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से पुल का निर्माण किया गया है। विजयपुर-गौलापार क्षेत्र में लगभग चार करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण का काम शुरू किया गया है।
इसके अलावा सूर्यानाला और लालकुआं नगर की रेलवे क्रॉसिंग पर पुल निर्माण की दिशा में भी कार्रवाई की जा रही है।
बिंदुखत्ता में विद्युतीकरण को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से लगी रोक हटने के बाद लगभग 30 करोड़ रुपये की लागत से बिजली से जुड़े काम कराए जा रहे हैं। इसके तहत नए विद्युत पोल, ट्रांसफार्मर और बिजली की लाइनें स्थापित की जा रही हैं।
वहीं, लालकुआं क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था मजबूत करने के लिए करीब 14 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। शिक्षा के क्षेत्र में हल्दूचौड़ स्थित राजकीय महाविद्यालय का स्नातकोत्तर स्तर पर उच्चीकरण किया गया है।
मुख्यमंत्री ने गौला और नंधौर नदियों से होने वाले भू-कटाव को रोकने के लिए किए जा रहे बाढ़ सुरक्षा कार्यों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि वन क्षेत्रों से सटे गांवों में वन्यजीवों से सुरक्षा के लिए सौर ऊर्जा आधारित तारबाड़ लगाने का काम किया जा रहा है।
विकास के साथ सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण पर भी जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ‘विकास भी और विरासत भी’ के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। प्रदेश में सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार के साथ सांस्कृतिक और धार्मिक धरोहरों के संरक्षण पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में चल रहे विकास कार्यों तथा मानसखंड मंदिर माला मिशन का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री के अनुसार इस मिशन के तहत ऐतिहासिक और पौराणिक मंदिरों के विकास एवं सौंदर्यीकरण की दिशा में काम किया जा रहा है।
राज्य सरकार के फैसलों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू की गई है। इसके अलावा धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगारोधी कानून और सख्त भू-कानून सहित कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने और कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए भी कदम उठाए जा रहे हैं।
धामी ने कहा कि विकास का मतलब केवल नई परियोजनाओं का निर्माण नहीं, बल्कि वर्षों से चली आ रही जनसमस्याओं का समाधान करना भी है। सरकार का प्रयास है कि मूलभूत सुविधाओं का लाभ प्रदेश के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे।
कार्यक्रम में लोक कलाकार नैन सिंह रावल, हास्य कलाकार मंगल सिंह चौहान और जीवन सिंह दानु को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दीपेन्द्र सिंह कोश्यारी, भाजपा जिलाध्यक्ष नैनीताल प्रताप सिंह बिष्ट, दायित्वधारी शंकर कोरंगा, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी और लोक कलाकार कमल मेहरा सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कलाकार और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।









