देहरादून में आपदा प्रबंधन दिवस पर 33 जगहों पर मॉक ड्रिल हुई। आशारोड़ी में सड़क हादसे के अभ्यास में आठ घायलों को बचाया गया और वनाग्नि नियंत्रण परखा गया।
देहरादून, 28 नवंबर : आपदा की स्थिति में राहत और बचाव कार्य कितनी तेजी से शुरू हो सकते हैं, शनिवार को देहरादून में इसका अभ्यास किया गया। आपदा प्रबंधन दिवस पर जिले के 33 स्थानों पर मॉक ड्रिल, जागरूकता अभियान और सुरक्षा ऑडिट आयोजित किए गए। अस्पतालों, जंगलों, बिजली परियोजनाओं, शैक्षणिक संस्थानों और संवेदनशील स्थानों पर अलग-अलग आपातकालीन परिस्थितियां बनाकर विभागों की तैयारियों को परखा गया।
इस दौरान भूकंप, बादल फटने, अचानक बाढ़, भगदड़, सुरंग दुर्घटना, आग लगने, भूस्खलन और रोपवे में पर्यटकों के फंसने जैसी परिस्थितियों से निपटने का अभ्यास किया गया। जिला आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम से सभी स्थलों पर चल रही गतिविधियों की लाइव स्ट्रीमिंग भी की गई। इसके जरिए अलग-अलग टीमों के कामकाज और विभागों के बीच समन्वय पर नजर रखी गई।
अस्पतालों से लेकर जंगलों तक 33 जगहों पर हुआ अभ्यास
देहरादून जिले में मॉक ड्रिल के लिए शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के साथ विभिन्न संवेदनशील स्थानों को शामिल किया गया था। अस्पतालों में कोरोनेशन अस्पताल, दून अस्पताल, एसडीएच प्रेमनगर और एसडीएच ऋषिकेश में अभ्यास हुआ। इसके अलावा क्रॉसरोड मॉल, सीएनजी स्टेशन ट्रांसपोर्ट नगर, आशारोड़ी-मोहब्बेवाला, एमडीडीए कॉलोनी आईएसबीटी और भारत भूमि टूरिज्म कॉम्प्लेक्स को भी अभ्यास में शामिल किया गया।
शैक्षणिक संस्थानों में जीआईसी सेलाकुई, जीआईसी लाखामंडल, जीआईसी संभावाला, जीआईसी नालापानी और जीआईसी माजरी ग्रांट में मॉक अभ्यास आयोजित किया गया। वहीं रोपवे गनहिल पर पर्यटकों के फंसने जैसी आपातकालीन स्थिति से निपटने की तैयारी परखी गई।
वन विभाग की ओर से थानों, मसूरी, लक्ष्मीवाला, कालसी और चकराता वन रेंज में भी अभ्यास किया गया। सिविल डिफेंस डील रायपुर, कॉपरी सेंटर, बन्नू स्कूल, यूपीसीएल आराघर और लालतप्पड़, जल संस्थान खुड़बुड़ा मोहल्ला, डाकपत्थर पावर हाउस, छिबरो पावर हाउस और वीरभद्र बैराज ऋषिकेश सहित अन्य स्थानों पर भी अलग-अलग आपातकालीन परिस्थितियों का अभ्यास किया गया।
इस दौरान खराब मौसम, तीर्थयात्रियों के फंसने, चिकित्सा आपातकाल, भीड़ नियंत्रण और सुरंग दुर्घटना जैसी परिस्थितियों में संबंधित विभागों की प्रतिक्रिया परखी गई।
चकराता और कालसी में वनाग्नि बुझाने का किया अभ्यास
वन क्षेत्रों में आग लगने की घटनाओं से निपटने के लिए चकराता और कालसी वन प्रभागों में अलग-अलग मॉक ड्रिल आयोजित की गईं।
चकराता वन प्रभाग की रिवर रेंज के अंतर्गत तिलवाड़ी बीट के कक्ष संख्या-08 में वनाग्नि नियंत्रण का अभ्यास हुआ। आग लगने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। शुरुआती प्रयासों के बावजूद आग के तेजी से फैलने की स्थिति बनाकर अतिरिक्त टीम को मौके पर बुलाया गया।
इसी दौरान एक वनकर्मी के घायल होने की सूचना दी गई, जिसके बाद मेडिकल टीम को भी घटनास्थल पर भेजने का अभ्यास किया गया। सभी टीमों ने संयुक्त रूप से आग पर नियंत्रण पाने की कार्रवाई की।
इसी तरह भूमि संरक्षण वन प्रभाग, कालसी की लांघा रेंज के अंतर्गत तौली बीट के द.बि. कक्ष संख्या-03 में भी वनाग्नि नियंत्रण की मॉक ड्रिल हुई। यहां भी आग फैलने की स्थिति में अतिरिक्त वनकर्मियों को तैनात किया गया। एक वनकर्मी के घायल होने की सूचना पर मेडिकल टीम को बुलाया गया।
इस अभ्यास में लांघा, चौहड़पुर और टिमली रेंज के वनकर्मियों के साथ अग्निशमन विभाग के कर्मचारी भी शामिल रहे।
आशारोड़ी में हादसे के बाद आठ घायलों को किया रेस्क्यू
आशारोड़ी चेकपोस्ट के पास सड़क दुर्घटना की स्थिति बनाकर राहत और बचाव अभियान का अभ्यास किया गया। इसमें संबंधित विभागों की टीमों ने मिलकर आठ घायलों को रेस्क्यू किया।
इनमें दो गंभीर घायलों को उपचार के लिए श्री महंत इंद्रेश अस्पताल भेजने का अभ्यास किया गया, जबकि छह सामान्य घायलों को मेडिकल एड पोस्ट पर प्राथमिक उपचार दिया गया।
अभ्यास में दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से डीजल रिसाव के कारण आग लगने की आशंका को भी शामिल किया गया। टीमों ने इस संभावित खतरे को नियंत्रित करने की कार्रवाई की। इसके बाद क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया गया और राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सुचारु कराने का अभ्यास किया गया।
इस पूरी कार्रवाई में राहत एवं बचाव दलों के बीच समन्वय और समयबद्ध प्रतिक्रिया को परखा गया।
सिलक्यारा सुरंग रेस्क्यू की याद में मनाया जाता है आपदा प्रबंधन दिवस
उत्तराखंड में 28 नवंबर को आपदा प्रबंधन दिवस मनाने का संबंध वर्ष 2023 के सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान से है। उत्तरकाशी जिले में निर्माणाधीन सिलक्यारा-बड़कोट सुरंग का एक हिस्सा 12 नवंबर 2023 को ढह गया था। इस घटना के बाद सुरंग के भीतर 41 श्रमिक फंस गए थे।
श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए कई केंद्रीय और राज्य स्तरीय एजेंसियों ने मिलकर अभियान चलाया। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF), राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF), सेना, पुलिस और अन्य विशेषज्ञ टीमों ने अलग-अलग तकनीकों की मदद से बचाव कार्य किया।
करीब 17 दिनों तक चले अभियान के बाद 28 नवंबर 2023 को सभी 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, इस बचाव अभियान की सफलता को स्थायी स्मृति बनाने और आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हर साल 28 नवंबर को आपदा प्रबंधन दिवस मनाने की घोषणा की थी।
इस वर्ष भी प्रदेशभर में इसी अवसर पर मॉक ड्रिल और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने इसके लिए पहले से कार्ययोजना तैयार की थी।
मॉक अभ्यास समाप्त होने के बाद सभी रेस्क्यू टीमों की डी-ब्रीफिंग की गई। इसमें अभ्यास के दौरान सामने आई कमियों और सुधार की संभावनाओं पर चर्चा हुई। टीमों को वास्तविक आपदा के समय त्वरित और समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।









