---Advertisement---

जागेश्वर की मूर्तियां नहीं जाने देंगे दिल्ली, हरीश रावत ने धामी सरकार से की तत्काल रोक की मांग

अल्मोड़ा के जागेश्वर धाम संग्रहालय से 9 प्राचीन मूर्तियां दिल्ली ले जाने की तैयारी पर विरोध तेज है। हरीश रावत ने धामी सरकार से प्रक्रिया रोकने की मांग की।

देहरादून, 28 नवंबर : अल्मोड़ा के प्रसिद्ध जागेश्वर धाम स्थित पुरातत्व संग्रहालय में रखी 9 प्राचीन मूर्तियों को दिल्ली ले जाने की कथित तैयारी ने विवाद खड़ा कर दिया है। शनिवार को भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) की टीम जागेश्वर पहुंची तो स्थानीय लोगों और पुजारियों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत भी इस मामले में खुलकर सामने आ गए हैं। उन्होंने राज्य सरकार से मूर्तियों को दिल्ली भेजने की प्रक्रिया तत्काल रोकने की मांग की है।

रावत ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि उन्हें जागेश्वर धाम के पंडितों से जानकारी मिली है कि संग्रहालय में रखी नौ प्राचीन मूर्तियों को दिल्ली स्थानांतरित करने के लिए एक टीम पहुंची है। उन्होंने स्थानीय लोगों और पुजारियों के विरोध का वीडियो भी साझा किया। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जागेश्वर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि उत्तराखंड की प्राचीन सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

हरीश रावत ने सरकार से तत्काल हस्तक्षेप मांगा

हरीश रावत ने अपने पोस्ट में जागेश्वर धाम से जुड़ी धार्मिक आस्था का जिक्र करते हुए कहा कि इस धाम से उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि देश और दुनिया के श्रद्धालुओं की भावनाएं जुड़ी हैं। उन्होंने मूर्तियों को लेकर अपना विरोध स्पष्ट करते हुए लिखा, ‘अपने मंदिरों की इन अमूल्य मूर्तियों को किसी भी हालत में दिल्ली शिफ्ट नहीं होने देंगे।’

उन्होंने राज्य सरकार से जनभावनाओं का सम्मान करने और मूर्तियों को दिल्ली ले जाने की प्रक्रिया तत्काल रोकने की मांग की। रावत ने इस मामले में कुमाऊं कमिश्नर से भी बातचीत की और उनसे तत्काल संज्ञान लेने को कहा।

इसके अलावा उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गोविंद सिंह कुंजवाल से मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने और स्थानीय लोगों के साथ खड़े रहने का आग्रह किया है। रावत ने चेतावनी दी कि जरूरत पड़ी तो वह स्वयं जागेश्वर धाम पहुंचेंगे।

पुजारियों और स्थानीय लोगों ने लिखित आश्वासन मांगा

मूर्तियों को दिल्ली ले जाने की सूचना मिलने के बाद स्थानीय नागरिकों और पुजारियों ने विरोध शुरू किया। उनका कहना है कि ये मूर्तियां केवल पुरातात्विक संग्रहालय में रखी वस्तुएं नहीं हैं, बल्कि जागेश्वर क्षेत्र की धार्मिक आस्था, ऐतिहासिक विरासत और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ी हैं।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment