---Advertisement---

देहरादून में प्रदूषण के सभी रिकॉर्ड ध्वस्त, राज्य बनने के बाद पहली बार AQI 1100 के पार

दिवाली की आतिशबाजी के बाद देहरादून में वायु प्रदूषण ने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। आठ नवंबर की रात शहर का एक्यूआई 1100 तक पहुंच गया।

देहरादून, 10 नवंबर : दिवाली के मौके पर हुई भारी आतिशबाजी के बाद देहरादून की हवा पूरी तरह से जहरीली हो गई है। प्रदूषण के मामले में शहर ने अब तक के अपने सारे पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। आठ नवंबर की आधी रात के बाद हालात इतने खराब हो गए कि एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) सीधे 1100 के स्तर पर पहुंच गया। यह उत्तराखंड राज्य बनने के बाद से दून में दर्ज किया गया सबसे ज्यादा प्रदूषण है।

दरअसल, दिवाली की शाम करीब आठ बजे से ही शहर के ऊपर धुएं की चादर छाने लगी थी। आतिशबाजी बढ़ने के साथ-साथ हवा की गुणवत्ता भी तेजी से गिरती गई।

रात 3 बजे 1100 पहुंचा एक्यूआई

प्रदूषण के जो आंकड़े दून विश्वविद्यालय में लगे रियल टाइम मॉनिटरिंग सिस्टम में दर्ज हुए हैं, वो बेहद डराने वाले हैं। रात करीब तीन बजे वायु प्रदूषण अपने चरम पर था और एक्यूआई 1100 का आंकड़ा छू चुका था। हालांकि, सुबह चार बजे तक यह घटकर चार सौ के आसपास आ गया। शहर का 24 घंटे का औसत एक्यूआई 359 दर्ज किया गया है। इसके अलावा क्लॉक टावर निगरानी केंद्र पर औसत 271 और नेहरू कॉलोनी इलाके में 237 दर्ज हुआ।

स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि देहरादून में पहली बार पीएम-10 का स्तर 1000 और पीएम-2.5 का स्तर करीब 850 तक पहुंच गया। रात के समय करीब चार घंटे तक एक्यूआई के चार सौ के पार बने रहने का भी यह नया रिकॉर्ड है।

हरिद्वार और हल्द्वानी का हाल

मैदानी इलाकों में सिर्फ देहरादून ही नहीं, बल्कि धर्मनगरी हरिद्वार और कुमाऊं के प्रवेश द्वार हल्द्वानी में भी हवा की गुणवत्ता खराब हुई है। हरिद्वार में दीपावली की रात हवा में प्रदूषण 168 माइक्रो ग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया। बीते एक नवंबर के मुकाबले इसमें 78 अंकों का सीधा उछाल आया है। हालांकि, राहत की बात सिर्फ इतनी है कि पिछले साल के 190 एक्यूआई के मुकाबले इस बार हरिद्वार में प्रदूषण 22 अंक कम रहा।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment