---Advertisement---

देहरादून में महिला के अपहरण की कोशिश का खुलासा, मुख्य आरोपी युवती गिरफ्तार; 4 फरार

---Advertisement---

दून हॉराइज़न, देहरादून (26 सितंबर) : पॉश सहस्रधारा रोड पर सुबह की सैर और दैनिक कामकाज के बीच हुए सनसनीखेज वारदात की गुत्थी को दून पुलिस ने सुलझा लिया है। नालापानी चौक के पास कार सवार बदमाशों द्वारा एक महिला को जबरन गाड़ी में खींचने के मामले में पुलिस ने 19 वर्षीय युवती को गिरफ्तार किया है। पूरा मामला आपराधिक रंजिश से ज्यादा डेयरी कारोबार में लाखों रुपये के लेन-देन और धोखाधड़ी की खुन्नस से जुड़ा निकला।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP Dehradun) के निर्देश पर गठित रायपुर थाना पुलिस और एसओजी देहात (SOG Dehat) की संयुक्त टीम ने तीन दिन के भीतर पूरे षड्यंत्र से पर्दा उठा दिया।

150 लीटर दूध का झांसा और 5 लाख रुपये नकद

जांच में सामने आया कि कानन कुंज निवासी वादिनी सुषमा वर्मा ने अठूरवाला (भानियावाला) स्थित 11 गायों की डेयरी चलाने का सौदा करीब 7.50 लाख रुपये में तय किया था। गोविंद विहार, डांडा लखौंड निवासी 19 वर्षीय चाहत उर्फ अन्नू और उसके 2 साल पुराने परिचित दीपक पासवान ने यह सौदा किया था। उन्होंने 5 लाख रुपये कैश और 2.50 लाख रुपये का चेक सौंपा। दावा यह था कि गायें हर दिन 150 लीटर दूध देती हैं।

हकीकत उलट निकली। दूध का उत्पादन बेहद कम हुआ। जब अन्नू और दीपक ने अपने 5 लाख रुपये वापस मांगे तो वादिनी ने पैसे लौटाने के बजाय काम जारी रखने को कहा।

ब्याज का दबाव, इलाज का संकट और साजिशन किराए की कार

अन्नू की तबीयत बिगड़ने पर उसे ग्राफिक एरा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पैसों की भारी तंगी खड़ी हो गई। डेयरी की जमीन की मालिक पुष्पा नेगी के पास दूध बिक्री का बकाया 1.22 लाख रुपये था, लेकिन उन्होंने रकम केवल सुषमा को देने की बात कही। आरोप है कि सुषमा ने केवल 10 हजार रुपये थमाए और बाकी पैसे देने से साफ मुकर गई।

कर्जदाताओं के तगादों से घिरे दोनों ने सुषमा को डराने का ताना-बाना बुना। इसके लिए कारगी चौक से अपनी स्कूटी बतौर सिक्योरिटी रखकर काले रंग की स्विफ्ट कार किराए पर ली गई। इसके बाद हरिद्वार के रोशनाबाद जाकर तीन अन्य साथियों—आदित्य, लक्की और प्रियांशु को शामिल किया गया।

शोर मचते ही भागे, 4 नामजद आरोपियों की तलाश में दबिशें

योजना के तहत 23 सितंबर को सुबह करीब 6.50 बजे दीपक, लक्की और आदित्य कार लेकर नालापानी पहुंचे। उन्होंने सुषमा को जबरन गाड़ी में खींचने की कोशिश की। महिला ने बहादुरी दिखाते हुए शोर मचा दिया। आसपास मॉर्निंग वॉक और आवाजाही कर रहे स्थानीय लोगों को अपनी ओर आते देख आरोपी बदहवास होकर भाग निकले।

पुलिस ने क्षेत्र के दर्जनों सीसीटीवी खंगाले, जिससे कार का रूट और नंबर ट्रेस हुआ। आखिरकार सहस्रधारा रोड से अन्नू को दबोच लिया गया। पुलिस के मुताबिक फरार आरोपियों में दीपक (ज्वालापुर, हरिद्वार), सुशांत उर्फ लक्की (देवप्रयाग, टिहरी), आदित्य वशिष्ठ (औरंगाबाद, हरिद्वार) और प्रियांशु (मंगलौर, हरिद्वार) शामिल हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए हरिद्वार और टिहरी में टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment