देहरादून, 17 मई 2026 (दून हॉराइज़न)। राजधानी के व्यस्ततम इलाके घंटाघर पर आज बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने “लैंड जिहाद” के मुद्दे को लेकर उग्र प्रदर्शन किया।
राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि उत्तराखंड में अवैध कब्जों और बाहरी तत्वों की बढ़ती सक्रियता के कारण जनसांख्यिकीय संतुलन बिगड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि इस दिशा में जल्द ही कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो वे सचिवालय और मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे।
सड़क पर युवती को रोकने का वीडियो वायरल
इस विरोध प्रदर्शन के बीच से एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। वायरल वीडियो के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान वहां से गुजर रही एक स्कूटी सवार युवती को कुछ कार्यकर्ताओं ने बीच सड़क पर ही रोक लिया। आरोप है कि कार्यकर्ताओं ने उसे जबरन प्रदर्शन में शामिल होने के लिए कहा।
मजहब पूछने और बदसलूकी का आरोप
प्रत्यक्षदर्शियों और सोशल मीडिया पर किए जा रहे दावों के मुताबिक, जब युवती ने प्रदर्शन में शामिल होने से इनकार किया, तो कार्यकर्ताओं ने उससे उसका धर्म पूछना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं, उसकी स्कूटी को जबरन सड़क के किनारे लगवा दिया गया और उसे प्रदर्शन का हिस्सा बनने के लिए विवश किया गया।
इस पूरी घटना के दौरान युवती काफी देर तक बीच सड़क पर बेहद असहज और डरी हुई स्थिति में फंसी रही। बाद में मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों के हस्तक्षेप और मदद के बाद ही वह वहां से सुरक्षित निकल सकी।
संगठन का रुख और प्रशासनिक चेतावनी
बजरंग दल के प्रांतीय मिलन प्रमुख विकास वर्मा ने प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए कहा कि देवभूमि की सांस्कृतिक पहचान और मूल स्वरूप को बचाने के लिए सरकार को तुरंत कड़े कदम उठाने होंगे।
हालांकि, प्रदर्शन की आड़ में आम राहगीरों और विशेषकर एक महिला के साथ हुई इस बदसलूकी को लेकर सोशल मीडिया पर आम जनता में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों ने कानून-व्यवस्था और प्रदर्शनकारियों के इस रवैए पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। पुलिस प्रशासन फिलहाल वीडियो की जांच कर रहा है।
| समाचार सुर्खियां |
| रुद्रपुर में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची बिजली विभाग की टीम पर हमला, महिला ने डंडे से तोड़ा मीटर, केस दर्ज |
| देहरादून में सेलाकुई जैसी स्थिति, भारी पुलिस बल के बीच विंडलास कंपनी में कर्मचारियों की हड़ताल |
| Uttarakhand Assembly Election 2027 : भाजपा विधायकों का टिकट बचाने का आखिरी मौका, आलाकमान ने तय की डेडलाइन |









