---Advertisement---

देहरादून में गूंजी ‘Chhatron Ki Goonj’! राहुल गांधी के संवाद कार्यक्रम में देशभर से उमड़ा युवाओं का हुजूम

---Advertisement---

देहरादून, 17 जुलाई 2026 (दून हॉराइज़न)।

Chhatron Ki Goonj : राहुल गांधी ने आज देहरादून के बन्नू मैदान में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में युवाओं से सीधा संवाद किया। राहुल गांधी के पहुंचने से पहले ही भारी संख्या में भीड़ मैदान में मौजूद थी। खराब मौसम भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं और छात्रों का उत्साह कम नहीं कर सका।

कार्यक्रम में सिर्फ उत्तराखंड में पढ़ाई करने वाले छात्र नहीं थे। महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार और हरियाणा से भी छात्र यहां पहुंचे थे। दूर दराज से आए इन युवाओं ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर राहुल गांधी के सामने अपनी बात रखी।

मूल रूप से महाराष्ट्र के रहने वाले दिव्यांग संजीत भी बन्नू मैदान पहुंचे। शारीरिक रूप से चलने में असमर्थ संजीत व्हीलचेयर पर बैठकर राहुल गांधी से मुलाकात करने आए। संजीत ने मास्टर डिग्री हासिल कर ली है। वह आगे पीएचडी करना चाहते हैं। देश में हो रही पेपर लीक की घटनाओं ने उनका मनोबल तोड़ दिया है। संजीत छात्रों के साथ राहुल गांधी की देशव्यापी मुहिम का हिस्सा बनने आए थे।

कांग्रेस कार्यकर्ता दिगंबर सिंह नेगी भी कार्यक्रम में छात्रों का हौसला बढ़ाने पहुंचे। नेगी साल 2002 से कांग्रेस से जुड़े हैं। कांग्रेस के हर बड़े आयोजन में उनकी मौजूदगी रहती है। इस संवाद कार्यक्रम में वह सभी छात्रों का मनोबल बढ़ाने के लिए विशेष रूप से उपस्थित थे।

नॉर्थ रेस कोर्स वार्ड नंबर 20 के पार्षद वीरेंद्र बिष्ट ने अपने क्षेत्र में इतना बड़ा कार्यक्रम होने पर गर्व जताया। उन्होंने उत्तराखंड में लगातार हो रहे पेपर लीक का मुद्दा उठाया। बिष्ट ने स्पष्ट कहा कि पेपर लीक से छात्रों का मनोबल टूट रहा है। राहुल गांधी के इस कार्यक्रम ने युवाओं में नया जोश भरा है।

कांग्रेस ने इस कार्यक्रम के लिए पहले परेड ग्राउंड मैदान की परमिशन ली थी। इसके लिए तय फीस भी प्रशासन को जमा कर दी गई थी। अंतिम समय में वह स्थान पार्टी को नहीं दिया गया। शहर से दूर स्थित बन्नू मैदान को कार्यक्रम के लिए तय किया गया। जगह बदलने के बाद भी युवाओं की भारी भीड़ राहुल गांधी को सुनने पहुंची।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment