---Advertisement---

गैरसैंण में कांग्रेस का विधानसभा घेराव फ्लॉप शो, भाजपा बोली – जनता ने नकारा

गैरसैंण में कांग्रेस के विधानसभा घेराव को भाजपा ने फ्लॉप शो बताया है। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि जनता के बीच कांग्रेस की नीयत पूरी तरह उजागर हो चुकी है।

देहरादून (27 अक्टूबर) : उत्तराखंड विधानसभा के गैरसैंण (भराड़ीसैंण) सत्र के पहले ही दिन सड़क से लेकर सदन तक सियासी टकराव तेज हो गया है। कांग्रेस द्वारा कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार और विकास के मुद्दों को लेकर किए गए विधानसभा घेराव को भारतीय जनता पार्टी ने पूरी तरह हताशा में उठाया गया कदम और ‘फ्लॉप शो’ करार दिया है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि गिनती के कार्यकर्ताओं के साथ किए गए इस प्रदर्शन से साफ है कि जनता ने कांग्रेस के एजेंडे को पूरी तरह नकार दिया है और आने वाले 2027 के विधानसभा चुनाव में भी पार्टी का सूपड़ा साफ होना तय है।

सड़क पर मुट्ठी भर भीड़ से नहीं चलेगा चुनावी ड्रामा

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने पार्टी के रुख को स्पष्ट करते हुए कहा कि कांग्रेस कई दिनों से जिस न्याय यात्रा और विधानसभा घेराव का ढोल पीट रही थी, उसमें खुद उसके अपने कार्यकर्ता तक नहीं पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं का पूरा प्रयास केवल कैमरों के सामने आकर नाटकीय दृश्य बनाने तक सीमित रहा।

महेंद्र भट्ट के अनुसार, गैरसैंण में इस तरह के प्रदर्शन से जनता और शासन-प्रशासन दोनों का कीमती समय और संसाधन व्यर्थ हुए हैं। उन्होंने कहा कि आम जनता की भागीदारी शून्य रहना इस बात का प्रमाण है कि प्रदेशवासियों को कांग्रेस के मुद्दों और उसकी नीयत पर बिल्कुल भरोसा नहीं रहा।

पांच साल हंगामे में गंवाए अब अंतिम सत्र में सियासत

भाजपा ने विपक्ष पर विधायी जिम्मेदारियों से भागने का आरोप लगाते हुए कहा कि मौजूदा विधानसभा कार्यकाल के अंतिम सत्र को भी कांग्रेस ने नकारात्मक राजनीति की भेंट चढ़ाने की कोशिश की है। महेंद्र भट्ट ने कहा कि विपक्ष के पास सदन के भीतर बजट और जनहित से जुड़े मुद्दों पर ठोस चर्चा करने का मौका था, लेकिन उन्होंने मुद्दों पर विमर्श के बजाय सड़कों पर माहौल खराब करना चुना।

भाजपा नेतृत्व ने याद दिलाया कि लोकसभा, स्थानीय निकाय, पंचायत और विधानसभा उपचुनावों में जनता लगातार भाजपा के विकास मॉडल और डबल इंजन सरकार के कामकाज पर मुहर लगाती आ रही है, जबकि विपक्ष झूठे और भ्रामक जाल बुनने में व्यस्त रहा।

बजट चर्चा छोड़कर केवल सुर्खियां बटोरने में जुटा विपक्ष

भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान की ओर से जारी बयान में कहा गया कि पांच साल तक सदन के भीतर और बाहर गतिरोध पैदा करने के बाद अब चुनाव नजदीक आते ही कांग्रेस सियासी जमीन तलाशने के लिए सड़कों पर उतरी है। महेंद्र भट्ट ने दो टूक कहा कि विपक्ष को सदन में बैठकर जनहित के मुद्दों पर गंभीरता से अपनी बात रखनी चाहिए थी, लेकिन उनकी राजनीति सिर्फ मीडिया में तस्वीरें छपवाने तक सीमित रह गई है।

भाजपा ने दावा किया कि जनता के बीच कांग्रेस का दोहरा चरित्र पूरी तरह उजागर हो चुका है और इस अंतिम सत्र में भी विपक्ष खुद को जिम्मेदार साबित करने में पूरी तरह नाकाम रहा है।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment