---Advertisement---

Dehradun Honey Trap : 1.5 करोड़ निकालने के चक्कर में गंवाए ₹39 लाख, लंदन की ‘अंजलि’ ने ऐसे लगाया चूना

---Advertisement---

देहरादून, 25 जून 2026 (दून हॉराइज़न)।

Dehradun Honey Trap : ऋषिकेश के एक युवक को विदेशी युवती ने अपने प्रेम जाल में फंसाकर 39.62 लाख रुपये का तगड़ा चूना लगा दिया है। शादी का झांसा देकर पहले हनीट्रैप का ताना-बाना बुना गया और फिर क्रिप्टो ट्रेडिंग में करोड़ों के मुनाफे का फर्जी सब्जबाग दिखाकर पूरी रकम झटक ली गई। पीड़ित की तहरीर पर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन, देहरादून ने प्रभावी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर शातिरों की तलाश शुरू कर दी है।

अभिषेक सिंह रौतेला ने एक मैट्रिमोनियल साइट पर अपनी शादी के लिए प्रोफाइल बनाई थी। वहीं पर उसकी मुलाकात अंजली कृष्णन नाम की महिला से हुई जिसने खुद को लंदन निवासी और फैशन बिजनेस से जुड़ा हुआ बताया था। 25 मार्च से वह यूके के (+44) कोड वाले नंबरों से लगातार व्हाट्सएप पर चैट और वीडियो कॉल करने लगी थी। शातिर युवती ने अभिषेक की मां से भी वीडियो कॉल पर बात करके उनका भरोसा जीता और शादी की पूरी बात पक्की कर ली।

अंजली ने अचानक अभिषेक को क्रिप्टो ट्रेडिंग के जरिए रातोंरात अमीर बनने का लालच दिया। उसने व्हाट्सएप पर अपने कथित अंकल जॉर्ज से अभिषेक की बात करवाई जिन्हें एक बड़ा ट्रेडिंग कंसल्टेंट बताया गया था। अभिषेक ने पहली बार 16 अप्रैल को 10 हजार रुपये लगाए तो उसे तुरंत 12 हजार रुपये वापस मिल गए। अगले ही दिन 28 हजार के निवेश पर तीन दिन बाद 90 हजार का बड़ा रिटर्न देकर इन ठगों ने अभिषेक का विश्वास पूरी तरह से जीत लिया।

विश्वास पक्का होते ही अभिषेक ने बड़ी रकम लगानी शुरू कर दी जिसके बाद शातिरों ने उसके फर्जी ट्रेडिंग अकाउंट में 1.5 करोड़ रुपये का भारी-भरकम मुनाफा दिखा दिया। अभिषेक ने जब इस मोटी रकम को विड्रॉ करने की कोशिश की तो कथित कंसल्टेंट ने बताया कि इसके ऐवज में 30 फीसदी कमीशन यानी करीब 38.31 लाख रुपये टैक्स के रूप में जमा कराने होंगे।

अभिषेक और उनके परिवार ने अपनी जमापूंजी अलग-अलग बैंक खातों और यूपीआई आईडी के जरिए शातिरों के बताए अकाउंट्स में ट्रांसफर कर दी। 38.31 लाख रुपये जमा होने के बाद भी पैसे नहीं निकले और ठगों ने वीआईपी अकाउंट एक्टिवेशन के नाम पर 30 लाख रुपये की और डिमांड रख दी। इस नई मांग के सामने आते ही युवक को अपने साथ हुई ठगी का पूरी तरह अहसास हुआ और उसने साइबर अपराध थाने में तहरीर दी। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह के मुताबिक मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जिन बैंक खातों में रकम क्रेडिट हुई है उनके संचालकों को ट्रेस किया जा रहा है।

सऊदी अरब में नौकरी दिलाने का झांसा देकर सहारनपुर के देवबंद निवासी एक शातिर ने एक अन्य युवक से चार लाख रुपये ऐंठ लिए हैं। नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने इस मामले में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पीड़ित जुबैरुद्दीन ने देवबंद के मोहल्ला खानकाह निवासी असजद उर्फ असलम से विदेश जाने के लिए संपर्क किया था क्योंकि आरोपी ने एक साल का वीजा और पक्की नौकरी लगवाने का बड़ा दावा किया था।

पैसे वसूलने के बाद असजद लगातार पीड़ित को गुमराह करने लगा। जुबैरुद्दीन ने जब अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने उसे जान से मारने और टुकड़े-टुकड़े करने की सीधी धमकी दे डाली। पीड़ित ने बेहद परेशान होकर पुलिस को बताया कि आरोपी को दी गई रकम में से दो लाख रुपये उसने भारी ब्याज पर उठाए थे जिसकी वजह से उसे हर महीने 10 हजार रुपये की किस्त अलग से भरनी पड़ रही है।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment