देहरादून में 21 से 26 अक्टूबर तक विशेष दिव्यांग शिविर लगेंगे। प्रशासन लाने-ले जाने के लिए मुफ्त गाड़ी देगा और मौके पर ही पेंशन व UDID कार्ड बनाएगा।
देहरादून (15 अक्टूबर) : सरकारी दफ्तरों और अस्पतालों के चक्कर काटते दिव्यांगजनों की मुश्किलें खत्म करने के लिए देहरादून जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। 21 से 26 अक्टूबर 2026 तक जनपद के चार अलग-अलग विकासखंडों में विशेष बहुउद्देशीय शिविर लगाए जाएंगे। इस फैसले की सबसे अहम कड़ी यह है कि सुदूर गांवों और बस्तियों से दिव्यांगजनों को शिविर स्थल तक सुरक्षित लाने और वापस छोड़ने के लिए संबंधित विकासखंड अधिकारी खुद सरकारी वाहनों का इंतजाम करेंगे।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि दिव्यांगजनों को किसी भी तरह की कागजी या शारीरिक परेशानी न उठानी पड़े, इसके लिए स्वास्थ्य, समाज कल्याण, बैंक और पंचायती राज विभाग एक ही छत के नीचे मौजूद रहेंगे।
दिव्यांगों को लाने ले जाने के लिए मिलेगी मुफ्त गाड़ी
अक्सर शारीरिक दिक्कतों और आर्थिक तंगी के चलते दिव्यांगजन जिला मुख्यालय या ब्लॉक मुख्यालय तक नहीं पहुंच पाते। इसी समस्या को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी संबंधित खंड विकास अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है कि वे चिन्हित दिव्यांगजनों के लिए वाहनों की मुकम्मल व्यवस्था करें।
शिविर स्थल पर पहुंचने वाले दिव्यांगजनों और उनके साथ आने वाले परिजनों के लिए पेयजल, बैठने की व्यवस्था और निःशुल्क भोजन-जलपान का पूरा जिम्मा ग्राम्य विकास विभाग संभालेगा। बाल विकास विभाग के कर्मचारी शिविर से पहले ही घर-घर जाकर योजनाओं और जरूरी दस्तावेजों की पूरी जानकारी देंगे, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति बिना तैयारी के शिविर में न पहुंचे।
एक ही छत के नीचे निबटेंगी सभी जरूरी औपचारिकताएं
आमतौर पर दिव्यांग पेंशन या उपकरण पाने के लिए आवेदक को पहले अस्पताल से मेडिकल सर्टिफिकेट, फिर तहसील से आय प्रमाण पत्र और बाद में समाज कल्याण विभाग की दौड़ लगानी पड़ती थी। इस व्यवस्था को पूरी तरह बदलते हुए शिविर में ही स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टरों का मेडिकल बोर्ड बैठेगा, जो मौके पर ही जांच कर दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी करेगा।
इसके साथ ही यूडीआईडी (UDID) कार्ड पंजीकरण, आय प्रमाण पत्र और आधार कार्ड अपडेशन की टेबल साथ-साथ लगेंगी। इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (आईपीपीबी) की टीम मौके पर ही बैंक खाते खोलेगी और मोबाइल नंबर अपडेट करेगी, जबकि स्वीप टीम दिव्यांगजनों को आगामी चुनावों के मद्देनजर सुलभ मतदान सुविधाओं के बारे में जागरूक करेगी।
चार प्रमुख स्थानों पर तय तारीखों में लगेंगे कैंप
जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल के मुताबिक, पहला शिविर 21 अक्टूबर को विकासखंड रायपुर के गांधी शताब्दी अस्पताल में लगेगा। इसके बाद 22 अक्टूबर को डोईवाला ब्लॉक परिसर में शिविर का आयोजन होगा। 23 अक्टूबर को सहसपुर ब्लॉक के अंतर्गत शिमला बाईपास स्थित राजकीय इंटर कॉलेज मेहूंवाला में कैंप सजेगा, जबकि 26 अक्टूबर को सीमाद्वार क्षेत्र में रिंग रोड (शिमला बाईपास) स्थित रिस्पना रिजॉर्ट के पास अंतिम शिविर लगाया जाएगा।
शिविरों में प्रधानमंत्री दिव्याशा योजना और जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र (डीडीआरसी) के विशेषज्ञ कृत्रिम अंग और सहायक उपकरणों के लिए नाप व परीक्षण करेंगे। इन शिविरों का पूरा खर्च वित्तीय वर्ष 2026-27 की जिला योजना के पेंशन शिविर मद से वहन किया जाएगा।









