---Advertisement---

सरकार के आश्वासन के बाद भी नहीं बनी बात, देहरादून शहीद स्मारक से आई बड़ी खबर

---Advertisement---

देहरादून, 9 अगस्त, 2026 (दून हॉराइज़न)।

अपनी लंबित नियुक्ति की मांगों को लेकर शहीद स्मारक में डटे राज्य आंदोलनकारी संयुक्त मंच का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। धरना और क्रमिक अनशन 56वें दिन में प्रवेश कर चुका है। आंदोलनकारी अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।

रविवार को क्रमिक अनशन की कमान विकासनगर से आए राम किशन और मंच के संयोजक अम्बुज शर्मा ने संभाली। दोनों नेता शहीद स्मारक स्थल पर अनशन पर बैठे। मौके पर मौजूद सभी आंदोलनकारियों ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोले रखा।

अनशन स्थल पर पृथक उत्तराखंड राज्य निर्माण और गैरसैंण को स्थाई राजधानी बनाने के लिए संघर्ष करने वाले महान आंदोलनकारी शहीद बाबा मोहन उत्तराखंडी जी को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। वहां मौजूद लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प चढ़ाकर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

मंच के संयोजक अम्बुज शर्मा ने सरकारी प्रक्रिया पर कड़ा रोष जताया। आंदोलनकारी सम्मान परिषद के अध्यक्ष और दोनों उपाध्यक्षों के माध्यम से मुख्यमंत्री तक अपनी बात पहुंचाई जा चुकी है। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस फैसला सामने नहीं आ सका है।

इससे पहले कार्मिक सचिव शैलेश बगौली और उपाध्यक्ष सुभाष बड़थ्वाल की मध्यस्थता में संयुक्त मंच की अहम वार्ता संपन्न हुई थी। उस वार्ता में सचिव ने मामले के स्थायी निस्तारण के लिए एक उप-समिति गठित करने का स्पष्ट वादा किया था।

सम्मान परिषद की उपाध्यक्षा की ओर से मुख्यमंत्री के मार्फत उप-समिति गठन के लिए दो अलग-अलग आवेदन पत्र भी दिए गए। इन आवेदनों पर उच्चस्तरीय बैठक हुई और प्रशासनिक नोटिंग की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई थी।

नोटिंग पूरी होने के बाद भी 7 जुलाई को आयोजित कैबिनेट बैठक में इस विषय को शामिल नहीं किया गया। आंदोलनकारियों ने इस रवैये को शासन और प्रशासन की नकारात्मक मानसिकता का प्रत्यक्ष प्रमाण करार दिया है।

चिन्हित राज्य आंदोलनकारी संयुक्त समिति के केंद्रीय महामंत्री नवीन नैथानी और जिला अध्यक्ष विशम्भर बौंठियाल ने संयुक्त बयान में कहा कि 56 दिन बीत जाने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। सरकार के साथ कई दौर की बातचीत हो चुकी है लेकिन जमीनी स्तर पर समाधान शून्य है।

आंदोलनकारी नेताओं ने ऐलान किया है कि समस्या के तत्काल समाधान और उप-समिति की आधिकारिक घोषणा करवाने के लिए अगले एक-दो दिनों के भीतर मुख्यमंत्री से दोबारा सीधा संवाद किया जाएगा।

रविवार को धरना स्थल पर आंदोलनकारियों का समर्थन करने भारी संख्या में लोग पहुंचे। समर्थन देने वालों में मोहन खत्री, सुरेश नेगी, रामलाल खंडूरी, प्रदीप कुकरेती, प्रभात डंडरियाल और ललित चंद्र जोशी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

इसके साथ ही नवीन नैथानी, विश्वंभर बोंठीयाल, मोहन चंद्र शर्मा, प्रशांत तड़ियाल, सुरेश कुमार, सुशील विरमानी, विनोद शरीयाल, आनंद बिष्ट, विनीत लोहानी, अरुणा थपलियाल, मनोज नौटियाल, सुशील चमोली, शांति शर्मा, राकेश थपलियाल, हरि सिंह महर, गीता बिष्ट, गणेश डंगवाल, प्रवीण गुसाईं, उपेंद्र प्रसाद, प्रताप सिंह राणा, क्रांति अभिषेक, यशोदा ममगाईं, राजेंद्र बहुगुणा, राधा तिवारी, सुधीर नारायण शर्मा, हरि प्रकाश शर्मा और पुष्पा बहुगुणा ने भी शहीद स्मारक पहुंचकर आंदोलन को अपना समर्थन दिया।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment