---Advertisement---

उत्तराखंड में फिल्म ‘हनुमान अंश’ टैक्स फ्री, महेन्द्र नागर ने जताया धामी सरकार का आभार

---Advertisement---

दून हॉराइज़न, देहरादून (05 सितम्बर): नैनीताल जिले के विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम (Kainchi Dham) के संस्थापक बाबा नीम करोली जी महाराज के जीवन मूल्यों पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ को उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार ने पूरे राज्य में टैक्स-फ्री (Tax Free) घोषित कर दिया है। इस फैसले के बाद प्रदेश के सिंगल स्क्रीन और मल्टीप्लेक्स सिनेमाघरों में दर्शकों को स्टेट जीएसटी (SGST) की छूट मिलेगी, जिससे टिकट की कीमतों में सीधी कमी आएगी।

यह भी पढ़ें : सहसपुर में ड्रग्स और गोकशी तस्करों पर गरजा बुलडोजर, 13 अवैध निर्माण ढहाए

राज्य सरकार के इस कदम का स्वागत करते हुए शिवाया फिल्म प्रोडक्शन के निर्माता-निर्देशक और राष्ट्रीय युवा हिन्दू वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव महेन्द्र नागर ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रति आभार जताया।

फ्लॉप होने की कगार से 54 करोड़ के चमत्कारी सफर तक

सिनेमाई इतिहास में कम बजट की फिल्मों का ऐसा कमबैक बिरले ही देखने को मिलता है। लेखक-निर्देशक विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी यह फिल्म किसी भारी-भरकम पीआर कैंपेन या कॉरपोरेट ब्रांडिंग के भरोसे मैदान में नहीं उतरी थी। मात्र ₹2 करोड़ के सीमित बजट में तैयार ‘हनुमान अंश’ ने जब पहले दिन टिकट खिड़की पर दस्तक दी, तो खाते में सिर्फ ₹10 लाख आए। कई सिनेमा संचालकों ने शुरुआती सुस्ती देखकर इसे स्क्रीन्स से हटाना शुरू कर दिया था।

लेकिन तीसरे हफ्ते तक आते-आते खेल पूरी तरह पलट गया। भक्तों के भंडारों, सोशल मीडिया पर शुरू हुई चर्चा और दर्शकों की जबानी तारीफ (माउथ पब्लिसिटी) ने ऐसा असर दिखाया कि फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर जोरदार वापसी की। नतीजतन, 27 करोड़ की रिकवरी को पार करते हुए इसका कुल कलेक्शन अब 54 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुका है।

सेट के असिस्टेंट डायरेक्टर को यूं मिला बाबा का मुख्य किरदार

पर्दे के पीछे की कहानी भी किसी ड्रामे से कम दिलचस्प नहीं रही। फिल्म में बाबा नीम करोली का केंद्रीय चरित्र निभाने वाले शोभिनव सत्या असल में इस प्रोजेक्ट में बतौर सेकंड असिस्टेंट डायरेक्टर जुड़े थे। शूटिंग से ऐन पहले मुख्य अभिनेता की तबीयत अचानक बिगड़ गई। ऐन मौके पर डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी ने शोभिनव का लगातार 5 घंटे तक कड़ा स्क्रीन टेस्ट लिया और फिर उन्हें मुख्य भूमिका सौंप दी। पर्दे पर उनके सधे हुए अभिनय की आज हर तरफ चर्चा हो रही है।

फिल्म में विहान एस. हेगड़े, चंदन आनंद, पूर्णिमा तिवारी, वरिष्ठ रंगकर्मी अनिल के. रस्तोगी, गुलशन पांडे, भगवानदास पटेल और राजीव मिश्रा ने अलग-अलग किरदारों को मजबूती दी है। निर्माण की जिम्मेदारी रागिनी एस., नम्रता जी. सिंह और अनुप्रिया ए. नागर ने संभाली।

अब पूरे देश में टैक्स छूट की गुहार

समीक्षकों और दर्शकों से मिल रहे प्रतिसाद के बीच अब मेकर्स ने केंद्र सरकार का दरवाजा खटखटाया है। महेन्द्र नागर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की है कि ‘हनुमान अंश’ को सिर्फ देवभूमि ही नहीं, बल्कि देश के सभी राज्यों में टैक्स-फ्री किया जाए। टीम का मानना है कि यदि टिकट दरें कम होंगी, तो बाबा के ‘प्रेम, सेवा और विनम्रता’ का दिव्य संदेश समाज की अंतिम पंक्ति तक बिना किसी आर्थिक रुकावट के पहुंच सकेगा। फिलहाल टीम को उम्मीद है कि आने वाले हफ्तों में फिल्म 200 करोड़ के जादुई क्लब की तरफ कदम बढ़ाएगी।

यह भी पढ़ें : क्या पूरी तरह सुरक्षित हैं जिले की वोटिंग मशीनें? प्रशासन ने राजनीतिक दलों को कराया मुआयना

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment