---Advertisement---

केदारनाथ में रोते श्रद्धालुओं का वीडियो वायरल होने के बाद एक्शन में सरकार, किए ये 5 बदलाव

---Advertisement---

देहरादून, 3 जून 2026 (दून हॉराइज़न)। केदारनाथ धाम में अनियंत्रित भीड़ और श्रद्धालुओं की परेशानी के वीडियो सामने आने के बाद उत्तराखंड सरकार ने चारधाम यात्रा व्यवस्था में बड़े बदलाव किए हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को अहम बैठक कर स्पष्ट किया है कि अब चारों धामों में दर्शन वहां की धारण क्षमता (कैरिंग कैपेसिटी) के आधार पर ही होंगे। इसके साथ ही सुरक्षा के मद्देनजर यात्रा मार्गों पर रात 10 बजे से सुबह 4 बजे तक यात्री वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।

रात में यात्री वाहन बंद, दिन में ट्रकों पर रोक

पहाड़ी रास्तों पर हादसों और ट्रैफिक जाम को रोकने के लिए प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद चारधाम यात्रा के नोडल अधिकारी संदीप सैनी ने आदेश जारी किया है कि यात्रा रूट पर दिन के समय मध्यम और भारी मालवाहक वाहनों का संचालन नहीं होगा। ट्रक और अन्य जरूरी सेवाओं वाले भारी वाहन अब केवल रात के समय ही चल सकेंगे। वहीं, यात्री वाहनों के लिए रात 10 से सुबह 4 बजे तक का समय प्रतिबंधित रहेगा।

क्षमता के अनुसार होंगे दर्शन, चरणबद्ध तरीके से जाएंगे यात्री

भीड़ प्रबंधन के लिए सरकार नई मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) लागू कर रही है। यदि किसी धाम या पड़ाव पर क्षमता से अधिक यात्री पहुंचते हैं, तो उन्हें निचले होल्डिंग एरिया और प्रमुख चेक प्वाइंट्स पर ही रोक लिया जाएगा। यहां से यात्रियों को चरणबद्ध तरीके से आगे भेजा जाएगा। सीएम ने निर्देश दिए हैं कि जिन स्थानों पर यात्रियों को रोका जाए, वहां पार्किंग, भोजन, पेयजल और शौचालय की समुचित व्यवस्था हो।

यात्रियों को मिलेगी हर अपडेट, तैनात रहेगी हेली एंबुलेंस

खराब मौसम और मानसून के दृष्टिगत यात्रा का दूसरा चरण चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों को रोकने की स्थिति में उन्हें प्रतीक्षा समय, मौसम के बदलाव और सड़क बंद होने की सटीक जानकारी सार्वजनिक सूचना प्रणाली, एलईडी डिस्प्ले और एफएम रेडियो के जरिए दी जाए।

गंभीर मरीजों को त्वरित उपचार देने के लिए राज्य स्तर पर हेली एंबुलेंस के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। संवेदनशील मार्गों पर रेस्क्यू उपकरणों के साथ जेसीबी और सैटेलाइट फोन की व्यवस्था भी की जा रही है।

ढाबों पर रेट लिस्ट अनिवार्य

यात्रा मार्ग पर होटलों और ढाबों में खाने-पीने की मनमानी कीमतों पर लगाम लगाने के लिए रेट लिस्ट लगाना अनिवार्य कर दिया गया है। साथ ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए नियमित सैंपलिंग की जाएगी। सीएम धामी ने बैठक में मौजूद गढ़वाल आयुक्त, आईजी और संबंधित जिलों के डीएम-एसपी को निर्देश दिए हैं कि वे फील्ड में रहकर यात्रा प्रबंधन की खुद निगरानी करें।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment