---Advertisement---

घर में हादसे से लगी आग को आपदा मानेगी सरकार, प्रभावित परिवारों को मिलेगी राहत राशि

उत्तराखंड में घरों की आग को आपदा मानकर SDRF मानकों पर राहत मिलेगी। धामी ने सेवानिवृत्त कर्मियों के प्रशिक्षण और बचावकर्ताओं को पुरस्कार देने की घोषणा की।

देहरादून, 27 नवंबर : उत्तराखंड में अब आवासीय भवनों में दुर्घटनावश आग लगने की घटनाओं को भी आपदा माना जाएगा। ऐसे अग्निकांड से प्रभावित परिवारों को राज्य आपदा मोचन निधि (एसडीआरएफ) के मानकों के अनुरूप राहत राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को प्रथम आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में चार महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें सेवानिवृत्त वर्दीधारी कर्मियों को प्रशिक्षण देने, स्कूलों में आपदा विशेषज्ञ शिक्षक तैयार करने और राहत-बचाव कार्यों में मदद करने वालों को पुरस्कृत करने का फैसला भी शामिल है।

सचिवालय, देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों के कारण आपदा प्रबंधन हमेशा चुनौतीपूर्ण रहा है। प्रदेश को अलग-अलग तरह की प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में केवल सरकारी तंत्र की तैयारी पर्याप्त नहीं है, बल्कि आम लोगों को भी आपदा से निपटने के लिए प्रशिक्षित और जागरूक करना जरूरी है।

सेवानिवृत्त कर्मियों और शिक्षकों को मिलेगा आपदा प्रशिक्षण

मुख्यमंत्री धामी ने घोषणा की कि भूतपूर्व सैनिकों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, पुलिस और अन्य वर्दीधारी सेवाओं के सेवानिवृत्त कार्मिकों को आपदा से बचाव और राहत कार्यों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इनके अनुभव का इस्तेमाल आम लोगों को आपदाओं के प्रति जागरूक करने में किया जाएगा।

इस व्यवस्था में शिक्षण संस्थानों को भी शामिल किया गया है। पहले चरण में अधिक छात्र संख्या वाले विद्यालयों, महाविद्यालयों और अन्य शिक्षण संस्थानों में प्रति एक हजार विद्यार्थियों पर एक शिक्षक को प्रशिक्षित किया जाएगा। राज्य सरकार ऐसे शिक्षकों को आपदा मित्र अथवा आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ के रूप में तैयार करेगी।

इन प्रशिक्षित शिक्षकों के माध्यम से छात्र-छात्राओं को लगातार आपदा से बचाव, सतर्कता और जरूरी तैयारियों के बारे में जागरूक किया जाएगा। इसका उद्देश्य स्कूल और कॉलेज स्तर पर ही ऐसी व्यवस्था तैयार करना है, जिसमें विद्यार्थी आपातकालीन परिस्थितियों में अपनी सुरक्षा के साथ दूसरों की मदद करने के लिए भी तैयार रहें।

मुख्यमंत्री ने एक अन्य घोषणा में कहा कि आपदाओं और सड़क दुर्घटनाओं के दौरान निःस्वार्थ भाव से राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग करने वाले लोगों को सरकार की ओर से पुरस्कृत किया जाएगा। इससे आपातकालीन परिस्थितियों में प्रशासन के साथ स्थानीय लोगों की भागीदारी को बढ़ावा मिलेगा।

घरों में आग लगने पर भी मिलेगी आपदा राहत

चार घोषणाओं में सबसे महत्वपूर्ण फैसला आवासीय भवनों में आग लगने की घटनाओं को लेकर है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की दुर्घटना के कारण आवासीय भवन में आग लगने की घटना को आपदा के रूप में स्वीकार किया जाएगा।

ऐसे अग्निकांड से प्रभावित लोगों को राज्य आपदा मोचन निधि यानी एसडीआरएफ के निर्धारित मानकों के अनुरूप राहत राशि उपलब्ध कराई जाएगी। अभी इस घोषणा के बाद घरों में दुर्घटनावश आग लगने से प्रभावित परिवारों को भी आपदा राहत व्यवस्था के दायरे में लाने का रास्ता खुला है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा के समय त्वरित प्रतिक्रिया बेहद जरूरी है। जैसे ही किसी घटना की सूचना मिले, पूरा सरकारी तंत्र सक्रिय होना चाहिए और प्रभावित लोगों तक जल्द से जल्द राहत एवं सहायता पहुंचनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मुश्किल परिस्थितियों में प्रभावित लोगों के बीच पहुंचकर उनके साथ खड़ा होना सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने घटना प्रतिक्रिया प्रणाली (आईआरएस) पुस्तिका और उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन योजना (एसडीएमपी) 2026-27 का विमोचन भी किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आपदा प्रबंधन से विद्यालयों और महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं को जोड़ा जा रहा है। भूकंप की दृष्टि से राज्य की संवेदनशीलता को देखते हुए उन्होंने भूकंप से बचाव के लिए मॉक ड्रिल आयोजित करने पर भी जोर दिया।

12 नवंबर 2023 को सुरंग में फंसे थे 41 श्रमिक

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में उत्तरकाशी के सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान का भी विस्तार से जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 12 नवंबर 2023 को दीपावली के दिन सिलक्यारा सुरंग में 41 श्रमिक फंस गए थे। सभी श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालना बड़ी चुनौती थी। इस अभियान में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न एजेंसियों ने मिलकर काम किया।

धामी के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार अभियान की प्रगति की जानकारी लेते रहे। प्रधानमंत्री कार्यालय और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की टीमों ने भी बचाव अभियान में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment