---Advertisement---

देहरादून के दून क्लब में हांडी रेस्टोरेंट सील, सड़ी सब्जियां और गंदगी मिलने पर बड़ा एक्शन

देहरादून के प्रतिष्ठित दून क्लब स्थित हांडी रेस्टोरेंट में खाद्य सुरक्षा टीम की छापेमारी। सड़ा खाना और चूहों की मौजूदगी मिलने पर रेस्टोरेंट तत्काल बंद कराया।

देहरादून (13 अक्टूबर) : शहर के जिस प्रतिष्ठित दून क्लब में वीवीआईपी, नौकरशाह और शहर के गणमान्य लोग जुटते हैं, उसी की रसोई से आम और खास दोनों की सेहत से खिलवाड़ की चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है।

न्यू सर्वे रोड, करणपुर स्थित इस एलीट क्लब के हांडी रेस्टोरेंट में मंगलवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) और खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त टीम ने जब औचक छापा मारा, तो वहां सड़ी सब्जियां, हफ्ते भर पुराने मोमोज, चूहों द्वारा कुतरे मसाले और कॉकरोच रेंगते मिले। जिला जज हरीश कुमार गोयल के निर्देश पर हुई इस सीधी कार्रवाई के बाद रेस्टोरेंट को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया है और संचालक को 14 दिन का अल्टीमेटम थमाया गया है।

वीवीआईपी क्लब की रसोई में मिले चूहे और कॉकरोच

संयुक्त निरीक्षण टीम का नेतृत्व कर रहीं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सीमा डुंगराकोटी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कपिल देव (मसूरी), अभिहित अधिकारी मनीष सयाना और वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश सिंह जब किचन में दाखिल हुए, तो वहां बदहाली का आलम था। दून क्लब के अध्यक्ष मनोज सूरी की मौजूदगी में जब फ्रीजर खोले गए, तो उसमें सड़ी-गली फूलगोभी, मूली, शिमला मिर्च, पत्तागोभी और आलू भरे पड़े थे।

जांच में दो दिन पुराने चावल, तीन दिन पुराना गूंथा आटा और करीब सात दिन पुरानी मोमोज व चाउमीन सामग्री बरामद हुई। सबसे बड़ा झटका तब लगा जब मसाला भंडारण की अलमारियों और स्टोर रूम में चूहे और कॉकरोच दौड़ते मिले। कई मसालों की थैलियां चूहों ने कुतर रखी थीं और खाना खुले बर्तनों में असुरक्षित रखा गया था।

नियमों की खुली अनदेखी और खराब ड्रेनेज व्यवस्था

रसोई के पिछले हिस्से में बर्तन धुलाई क्षेत्र में तीन से चार दिन पुराने जूठे बर्तन सड़ रहे थे और नालियां पूरी तरह चोक थीं। पूरे परिसर में ड्रेनेज सिस्टम बदहाल था और भारी दुर्गंध उठ रही थी। रेस्टोरेंट संचालक अभय सिंह नेगी मौके पर कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस का कोई रिकॉर्ड नहीं दिखा सके। न तो किचन में नियमित पेस्ट कंट्रोल का कोई प्रमाण मिला और न ही खाना पकाने में इस्तेमाल हो रहे पानी की टेस्टिंग रिपोर्ट मौजूद थी।

इसके बाद खाद्य सुरक्षा टीम ने तत्काल कड़ा रुख अपनाते हुए 15 किलोग्राम सड़ी सब्जियां, 5 किलोग्राम बासी चावल, 2 किलोग्राम बासी मोमोज और बासी चिकन करी को मौके पर ही फिंकवाकर नष्ट कराया। इसके अलावा पनीर, दूध और डीप फ्रीजर में रखी पकी चिकन करी के नमूने सील कर सरकारी लैब जांच के लिए भेजे गए हैं।

सुधार न होने पर रद होगा रेस्टोरेंट का लाइसेंस

प्राधिकरण की सचिव सीमा डुंगराकोटी ने दो टूक कहा कि दून क्लब जैसे नामी संस्थान में, जहां विशिष्ट अतिथियों (VVIPs) की नियमित आवाजाही रहती है, खाद्य सुरक्षा मानकों की ऐसी अनदेखी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह सीधे तौर पर जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ और खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के नियमों का उल्लंघन है।

प्रशासन ने रेस्टोरेंट संचालक को 14 दिन का इम्प्रूवमेंट नोटिस देते हुए परिसर को बंद रखने का आदेश दिया है। इस दौरान संचालक को पूरे परिसर की गहरी सफाई, पेस्ट कंट्रोल, ड्रेनेज मरम्मत, कर्मचारियों की मेडिकल जांच और पानी की लैब रिपोर्ट दुरुस्त करनी होगी। 14 दिन बाद दोबारा औचक निरीक्षण होगा और यदि सुधार संतोषजनक नहीं मिला, तो रेस्टोरेंट का फूड लाइसेंस स्थायी रूप से निरस्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment