Baby Potato 3 Recipes : 3 ऐसी रेसिपीज जो बनाएंगी आपके खाने को और भी स्वादिष्ट

ये तीन रेसिपीज हैं, शाही आलू, अचारी आलू टिक्का, मसाला आलू। यहां सीखें इन्हें बनाने की विधि।

शाही आलू

सामग्री: • बेबी पोटैटो: 16 • तेल: 3 चम्मच • बारीक कटा टमाटर: 1 कप • दही: 3 चम्मच • लाल मिर्च पाउडर: 1/2 चम्मच • काजू: 6 • किशमिश: 1 चम्मच • बारीक कटी धनिया पत्ती: 2 चम्मच • चीनी: 1/2 चम्मच • नमक: स्वादानुसार पेस्ट बनाने के लिए • दालचीनी: 1 टुकड़ा • इलायची: 2 • लौंग: 3 • काली मिर्च: 6 • साबुत धनिया: 1 चम्मच • साबुत जीरा: 1/2 चम्मच • खसखस: 1 चम्मच • बारीक कटा अदरक: 1/2 चम्मच • लहसुन: 3 कलियां • लाल मिर्च पाउडर: 1/2 चम्मच

विधि

आलू को उबालकर उसका छिलका छीलकर रख लें। मसालों का पेस्ट बनाने के लिए सभी सामग्री को ग्राइंडर में डालें। साथ में दो से तीन चम्मच पानी डालें और बारीक पेस्ट तैयार कर लें। कड़ाही में तेल गर्म करें और उसमें तैयार पेस्ट डालें। मध्यम आंच पर दो से तीन मिनट तक पकाएं। अब कड़ाही में बारीक कटा टमाटर डालें। उसे मैश करते हुए सभी सामग्री को मिलाएं। तीन से चार मिनट तक मध्यम आंच पर सभी मसाले को पकाएं।

अब कड़ाही में दही और लाल मिर्च पाउडर डालें। लगातार मसालों को चलाते हुए एक से दो मिनट तक पकाएं। अब काजू, किशमिश, धनिया पत्ती, चीनी, नमक और एक चौथाई कप पानी कड़ाही में डालकर सभी सामग्री को आपस में अच्छी तरह से मिलाएं। लगातार सभी सामग्री को मिलाते हुए ग्रेवी को तीन से चार मिनट तक और पकाएं। उबले हुए आलू को ग्रेवी में डालकर अच्छी तरह से मिलाएं। मध्यम आंच पर ढककर कुछ देर पकाएं। धनिया पत्ती से गार्निश कर सर्व करें।

अचारी आलू टिक्का

सामग्री: • उबला हुआ बेबी पोटैटो: 12 • गाढ़ा दही: 1/2 कप • कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर: 1/2 चम्मच • बारीक कटी हरी मिर्च: 1 छोटा चम्मच • कसूरी मेथी: 1 छोटा चम्मच • काली मिर्च पाउडर: 1/2 चम्मच • गरम मसाला पाउडर: 1/2 चम्मच • नमक: स्वादानुसार • सरसों तेल: 2 चम्मच • नीबू का रस: 1 चम्मच • बारीक कटी धनिया पत्ती: 1 चम्मच • बड़े टुकड़ों में कटा प्याज: 1 • बड़े टुकड़ों में कटा टमाटर: 1 • बड़े टुकड़ों में कटी शिमला मिर्च: 1 अचारी मसला के लिए साबुत धनिया: 1 चम्मच • सौंफ: 1 चम्मच • मेथी दाना: 1/2 चम्मच • कलौंजी: 1/2 चम्मच • जीरा: 1/2 चम्मच

विधि

उबले आलू का छिलका छील लें। कांटे से उनमें जगह-जगह छेद कर लें। एक पैन गर्म करें। अचारी मसाला की सभी सामग्री को उसमें डालकर खुशबू आने तक सूखा भूनें। गैस ऑफ करें और मसालों के ठंडा होने पर उन्हें ग्राइंडर में डालकर पीस लें। अब एक बड़े बरतन में दही, सभी मसाले, तैयार अचारी मसाला, नीबू का रस और बारीक कटी धनिया पत्ती डालकर सभी सामग्री को अच्छी तरह से मिलाएं।

उबले हुए आलू को इस मिश्रण में डालकर हाथों से मिलाएं। कटी हुई सब्जियां भी इसमें डालकर मिलाएं। इस मिश्रण में एक चम्मच सरसों तेल डालकर भी मिलाएं। अब कोयले की एक गांठ जलाएं। जलते हुए कोयले को स्टील की एक छोटी कटोरी में डालें। इस कटोरी को आलू व सब्जियों के बरतन के बीच में रखें और बरतन को फॉइल पेपर से अच्छी तरह से दस मिनट के लिए ढक दें।

बांस की बारबेक्यू स्टिक को पानी में भिगो दें। बरतन के ऊपर से फॉयल हटाएं। कोयला भी हटा दें। अब एक-एक करके पनीर, प्याज, शिमला मिर्च और टमाटर के टुकड़ों को बांस की सींक पर गूंथ लें। गैस ऑन करें और आंच पर इन्हें सीधे ग्रिल करें। सॉस और मनपसंद चटनी के साथ गर्मागर्म सर्व करें।

मसालेदार आलू

सामग्री: • बेबी पोटैटो: 12 • तेल: आवश्यकतानुसार • साबुत लाल मिर्च: 1 • सरसों: 1 चम्मच • करी पत्ता: 10 • धनिया पाउडर: 1 चम्मच • हल्दी पाउडर: 1/2 चम्मच • जीरा पाउडर: 1 चम्मच • लाल मिर्च पाउडर: 1 चम्मच • गरम मसाला पाउडर: 1 चम्मच • अमचूर पाउडर: 1 चम्मच • नमक: स्वादानुसार • नीबू का रस: 1 चम्मच • बारीक कटी धनिया पत्ती: 3 चमच

विधि

बेबी पोटैटो को कुकर में तीन सीट लगने तक पकाएं। कुकर का प्रेशर अपने-आप निकलने दें। आलू का छिलका छील लें। कड़ाही में दो चम्मच तेल गर्म करें। उसमें लाल मिर्च, करी पत्ता और सरसों डालें। जब सरसों चटकने लगे तो कड़ाही में धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, अमचूर, जीरा पाउडर, गरम मसाला पाउडर और हल्दी पाउडर डालकर कुछ सेकेंड भूनें।

ध्यान रहे, मसाले न जलें। अब उबले हुए आलू और नमक को कड़ाही में डालकर अच्छी तरह से मिलाएं ताकि सभी आलू पर मसाले लग जाएं। मध्यम आंच पर आलू को सात से आठ मिनट तक पकाएं। नीबू का रस डालकर एक बार फिर से सभी सामग्री को मिलाएं। गैस ऑफ करें। धनिया पत्ती से गार्निश कर सर्व करें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.