---Advertisement---

उत्तराखंड शिक्षा विभाग में बड़ा फेरबदल, 18 अफसर प्रमोट होकर बने संयुक्त निदेशक

उत्तराखंड शिक्षा विभाग में 18 उप शिक्षा निदेशक बने संयुक्त निदेशक। देहरादून और हरिद्वार समेत 8 जिलों में नए मुख्य शिक्षा अधिकारी तैनात। पढ़ें पूरी लिस्ट।

देहरादून (29 अक्टूबर) : उत्तराखंड के विद्यालयी शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। शासन ने 18 उप शिक्षा निदेशकों को संयुक्त शिक्षा निदेशक पद पर पदोन्नत करते हुए देहरादून, हरिद्वार और नैनीताल समेत प्रदेश के आठ प्रमुख जिलों में नए मुख्य शिक्षा अधिकारियों (सीईओ) की तैनाती कर दी है। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के औपचारिक अनुमोदन के बाद शिक्षा सचिव ज्योति यादव ने पदोन्नति और पदस्थापना का संयुक्त आदेश जारी किया। इस फैसले से लंबे समय से प्रभार के भरोसे चल रहे जिला कार्यालयों और विभागीय निदेशालयों को पूर्णकालिक अधिकारी मिल गए हैं।

देहरादून समेत आठ जिलों में नए मुख्य शिक्षा अधिकारी

शासन के आदेश के तहत जिला स्तर पर बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया गया है। जगदीश प्रसाद काला को राजधानी देहरादून का नया मुख्य शिक्षा अधिकारी बनाया गया है, जबकि संजीव जोशी को हरिद्वार जिले की कमान सौंपी गई है। कुमाऊं मंडल के प्रमुख जिले नैनीताल में सुरेश चन्द्र आर्य को मुख्य शिक्षा अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है।

इसके अलावा पुष्कर लाल टम्टा को ऊधमसिंह नगर, अमित कोटियाल को चमोली, प्रेमलाल भारती को उत्तरकाशी, विनय आर्य को बागेश्वर और चण्डी प्रसाद रतूड़ी को चम्पावत का मुख्य शिक्षा अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं पौड़ी जिले को लेकर शासन ने विशेष व्यवस्था की है; पदोन्नत अधिकारी रणजीत सिंह नेगी को फिलहाल अनिवार्य प्रतीक्षा में रखा गया है, जो वर्तमान मुख्य शिक्षा अधिकारी के सेवानिवृत्त होते ही वहां पदभार संभालेंगे।

पदोन्नति कर्मचारियों का मूल अधिकार, फाइलों पर सख्त निर्देश

विभागीय समीक्षा बैठकों के दौरान शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने पदोन्नति की पत्रावलियों को बेवजह रोके रखने पर कड़ा ऐतराज जताया था। विभागीय मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि समय पर पदोन्नति पाना हर कार्मिक का बुनियादी सेवा अधिकार है और किसी भी कार्मिक को इससे वंचित नहीं रखा जा सकता। विभागीय मंत्री के कड़े रुख के बाद पदोन्नति प्रक्रिया पूरी कर तत्काल नई तैनाती सूची जारी की गई। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि अधिकारियों की नई तैनाती से विभागीय कार्यों में गति आएगी और उनके प्रशासनिक अनुभव का सीधा लाभ प्रदेश के छात्र-छात्राओं और सरकारी स्कूलों की व्यवस्था को मिलेगा।

महानिदेशालय से लेकर बोर्ड तक नई जिम्मेदारियों का बंटवारा

जिलों के अलावा राज्य स्तरीय निदेशालयों, प्रशिक्षण संस्थानों और बोर्ड में भी रिक्त चल रहे पदों को भरा गया है। गोविंद राम जायसवाल को महानिदेशालय में संयुक्त निदेशक के साथ-साथ प्रभारी अपर शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। चंदन सिंह बिष्ट को भी महानिदेशालय विद्यालयी शिक्षा में संयुक्त निदेशक बनाया गया है। इसके साथ ही विजयपाल सिंह को सीमेट में विभागाध्यक्ष, आकाश सारस्वत को डायट रुड़की का प्राचार्य, मंजू भारती को डायट देहरादून का प्राचार्य और तरुण कुमार पंत को उत्तराखण्ड विद्यालयी शिक्षा बोर्ड का अपर सचिव बनाया गया है। मध्याह्न भोजन योजना में श्रीकांत पुरोहित, माध्यमिक शिक्षा निदेशालय में पंकज शर्मा और प्रारंभिक शिक्षा में शैलेंद्र अमोली को संयुक्त निदेशक की जिम्मेदारी दी गई है। सभी अधिकारियों को तत्काल अपने नए पदों पर कार्यभार ग्रहण करने को कहा गया है।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment