चंपावत, 28 जून 2026 (दून हॉराइज़न)।
Mission 2027 : कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल 2027 विधानसभा चुनाव की सियासी जमीन तैयार करने के लिए आज सीधे चंपावत जिले के टनकपुर पहुंचे हैं। पार्टी ने कुमाऊं और गढ़वाल को चार अलग-अलग जोन में बांटकर पहाड़ की 10 सीटों पर अपना पूरा तंत्र झोंक दिया है। टनकपुर में आज से शुरू हुए परिवर्तन संकल्प सम्मेलन के जरिए जमीनी कार्यकर्ताओं को मोबिलाइज किया गया।
पहले जोन में चंपावत, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों को रखा गया है जिसकी कमान खुद गणेश गोदियाल अपने क्षेत्रीय विधायकों के साथ संभाल रहे हैं। नैनीताल और अल्मोड़ा जिलों से बने दूसरे जोन की जिम्मेदारी करन माहरा और उनके स्थानीय नेताओं को दी गई है। पौड़ी, चमोली और रुद्रप्रयाग का तीसरा जोन हरक सिंह रावत की टीम मथेगी। टिहरी और उत्तरकाशी जिलों का चौथा जोन पूरी तरह प्रीतम सिंह के कंट्रोल में रहेगा।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत, यशपाल आर्य, प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा और सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा इन चारों जोन में रोटेशन के आधार पर मौजूद रहेंगे। पार्टी का शीर्ष नेतृत्व 10 जुलाई तक पर्वतीय विधानसभाओं में अपनी पूरी ताकत झोंक देगा। मैदानी इलाकों का रुख 15 जुलाई से किया जाएगा। देहरादून, हरिद्वार और उधम सिंह नगर की तराई बेल्ट में पार्टी के सभी बड़े चेहरे एक साथ डेरा डालेंगे।
टनकपुर में 2 जुलाई तक पहले चरण का अभियान पूरे जोरों पर चलेगा। कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता प्रतिमा सिंह ने स्पष्ट किया कि बीजेपी सरकार की नीतियों, महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ गांव-गांव जाकर सीधा संवाद किया जाएगा। राज्य के सबसे बड़े ज्वलंत मुद्दे अंकिता भंडारी प्रकरण से लेकर पहाड़ में पलायन, भू-कानून, भ्रष्टाचार और मूल निवास की मांग को इस अभियान का प्रमुख हथियार बनाया गया है।
पूरा अभियान ‘परिवर्तन ही संकल्प’ के नारे पर केंद्रित किया गया है। राज्यव्यापी जन जागरूकता कार्यक्रम में सभी पूर्व विधायक और वर्तमान पदाधिकारी अपने-अपने इलाकों में जनसंपर्क कर रहे हैं। पर्वतीय और तराई क्षेत्रों में कांग्रेस हर बूथ स्तर तक सत्ता पक्ष को घेरने की रणनीति पर काम कर रही है।









