देहरादून, 21 अप्रैल 2026 (दून हॉराइज़न)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को अचानक मसूरी रोड स्थित शिव मंदिर के पास निर्माणाधीन पुल (Mussoorie Road Bridge Update) का निरीक्षण करने पहुंचे।
पिछले दिनों भारी बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुए इस पुल की धीमी प्रगति पर मुख्यमंत्री ने नाराजगी जाहिर की और लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिए कि निर्माण कार्य हर हाल में निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि देहरादून और मसूरी को जोड़ने वाला यह मार्ग सामरिक और पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। यहां रोजाना हजारों की संख्या में स्थानीय नागरिक और पर्यटक आवाजाही करते हैं। मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद इंजीनियरों से वर्तमान कार्य प्रगति का ब्योरा लिया और उन्हें गुणवत्ता के साथ समझौता किए बिना काम में तेजी लाने को कहा।
वैली ब्रिज और स्थायी समाधान पर जोर
निरीक्षण के दौरान सीएम धामी ने बताया कि फिलहाल यातायात को चालू रखने के लिए वैली ब्रिज का सहारा लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वैली ब्रिज के दूसरे हिस्से का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और इसे जल्द ही संचालित कर दिया जाएगा ताकि दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही बिना किसी बाधा के हो सके।
वहीं, स्थायी पुल को लेकर उन्होंने लक्ष्य तय करते हुए कहा कि आगामी 2 से 3 माह के भीतर इसका निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कर लिया जाना चाहिए।
चारधाम यात्रा की तैयारी और जवाबदेही
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सचेत किया कि आगामी चारधाम यात्रा और आदि कैलाश यात्रा के मद्देनजर प्रदेश की सड़कों और पुलों का सुदृढ़ीकरण अनिवार्य है। उन्होंने निर्देश दिए कि संबंधित विभाग केवल फाइलों पर नहीं, बल्कि धरातल पर कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करें। धामी ने कहा कि राज्य सरकार दुर्गम क्षेत्रों में कनेक्टिविटी सुधारने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।









