देहरादून, 14 मई 2026 (दून हॉराइज़न)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन खपत कम करने की अपील पर उत्तराखंड सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में प्रदेश के शीर्ष राजनेताओं और अधिकारियों के लिए लग्जरी और ईंधन की बर्बादी पर लगाम लगाने का निर्णय लिया गया है।
इस फैसले के तहत मुख्यमंत्री और सभी मंत्रियों के वाहन बेड़े (फ्लीट) में 50 प्रतिशत तक की कटौती कर दी गई है। खुद मुख्यमंत्री ने मिसाल पेश करते हुए बुधवार को अपने काफिले की गाड़ियों की संख्या 9 से घटाकर 5 कर दी।
सचिवालय में आयोजित इस बैठक में तय किया गया कि पूरे प्रदेश में सप्ताह में एक दिन ‘नो व्हीकल डे’ मनाया जाएगा। ईंधन की बचत सुनिश्चित करने के लिए ‘एक अधिकारी-एक वाहन’ की नीति अनिवार्य कर दी गई है।
अब यदि किसी अधिकारी के पास एक से अधिक विभागों का प्रभार है, तब भी वह पूरे दिन में केवल एक ही सरकारी वाहन का उपयोग कर सकेगा। भविष्य में होने वाली सभी सरकारी वाहन खरीद में 50 प्रतिशत हिस्सेदारी इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) की होगी।
अल्पसंख्यक शिक्षा और चकबंदी पर बड़े फैसले
कैबिनेट ने ‘उत्तराखंड अल्पसंख्यक शैक्षणिक संस्थान (मान्यता) नियमावली-2026’ को हरी झंडी दे दी है। इसके तहत मुस्लिम, जैन, ईसाई, बौद्ध, पारसी और सिख समुदायों के शैक्षणिक संस्थानों की मान्यता और नवीनीकरण की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी। इससे संस्थानों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने होंगे।
वहीं, पर्वतीय क्षेत्रों में कृषि सुधार के लिए नई चकबंदी नीति को मंजूरी दी गई है। जो गांव स्वेच्छा से चकबंदी के लिए आगे आएंगे, उनके विकास के लिए सरकार ने 100 करोड़ रुपये का कार्पस फंड बनाया है। प्रथम चरण में प्रत्येक जिले के 10 गांवों को इस योजना से जोड़ा जाएगा।
होमस्टे और पंचायत भवनों का बजट बढ़ा
पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए होमस्टे योजना में अब 8 कमरों तक के लिए अनुदान मिलेगा, जो पहले केवल 6 कमरों तक सीमित था। साथ ही, गांवों में पंचायत घरों के निर्माण की राशि को 10 लाख से बढ़ाकर 20 लाख रुपये कर दिया गया है।
रोजगार के मोर्चे पर, राजस्व परिषद में सहायक समीक्षा अधिकारी के पदों के लिए अब कंप्यूटर ज्ञान अनिवार्य होगा, जिसमें 8000 शब्द प्रति घंटा की टाइपिंग स्पीड का मानक तय किया गया है। श्रीनगर मेडिकल कॉलेज के 277 अस्थायी कर्मचारियों को ‘समान कार्य-समान वेतन’ देने का निर्णय भी इस बैठक का मुख्य हिस्सा रहा।









