---Advertisement---

देहरादून : पल्टन बाजार में अब सुबह 11 से 7 बजे तक नहीं घुसेंगे वाहन, अतिक्रमण पर चलेगा डंडा

देहरादून पल्टन बाजार में त्योहारी सीजन को देखते हुए सुबह 11 से शाम 7 बजे तक वाहनों की एंट्री बंद रहेगी। प्रशासन ने अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

देहरादून (23 अक्टूबर) : देहरादून के सबसे व्यस्त कारोबारी केंद्र पल्टन बाजार में त्योहारी खरीदारी के दौरान पैदल चलने वालों को खुली राह देने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त पहरा लगा दिया है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर प्रशासन ने पल्टन बाजार को सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक पूरी तरह ‘नो व्हीकल जोन’ घोषित कर दिया है।

इस आठ घंटे की समयावधि में बाजार के भीतर किसी भी प्रकार के दोपहिया, चारपहिया या व्यावसायिक वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण पाबंदी रहेगी। त्योहारों के मद्देनजर उमड़ने वाली भारी भीड़, पैदल खरीदारों की सुरक्षा और आपातकालीन एंबुलेंस या फायर ब्रिगेड वाहनों के सुगम निकास को ध्यान में रखकर यह फैसला लिया गया है।

पल्टन बाजार में आठ घंटे वाहनों की नो-एंट्री लागू

अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट में हुई उच्चस्तरीय बैठक में पुलिस, नगर निगम, परिवहन और व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में नया ट्रैफिक प्लान तय हुआ। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक कोई भी वाहन बाजार में नहीं जा सकेगा। व्यापारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपनी दुकानों में माल की लोडिंग और अनलोडिंग का काम सुबह 11 बजे से पहले या फिर शाम 7 बजे के बाद ही पूरा करें। पीक आवर्स में व्यावसायिक वाहनों के खड़े रहने से पैदा होने वाले गतिरोध को रोकने के लिए पुलिस और ट्रैफिक विभाग को बैरिकेडिंग और चेकिंग पिकेट तैनात करने के आदेश दिए गए हैं।

दुकानों के बाहर फैले सामान और अतिक्रमण पर सख्ती

बैठक में बाजार के संकरे रास्तों और फुटपाथों पर अवैध कब्जों को लेकर कड़ा रुख अपनाया गया। एडीएम ने नगर निगम और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम गठित कर नियमित गश्त और जब्ती अभियान चलाने को कहा है। पल्टन बाजार और उससे जुड़े संपर्क मार्गों पर अवैध रेहड़ी-ठेली लगाने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाएगी।

दून वैली महानगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष पंकज मैसोन और उपाध्यक्ष हरीश विरमानी समेत व्यापारी प्रतिनिधियों से प्रशासन ने अपील की कि वे दुकानों के बाहर शटर सीमा से आगे सामान न फैलाएं। अफसरों ने दो टूक कहा कि फुटपाथ पैदल ग्राहकों के लिए हैं और वहां किसी भी तरह का कब्जा बर्दाश्त नहीं होगा।

संयुक्त टीमें करेंगी निगरानी, नियम तोड़ने पर सीज होंगे वाहन

त्योहारी व्यवस्था को जमीन पर उतारने के लिए उप जिलाधिकारी मुख्यालय हर्षिता सिंह, नगर मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी, एसडीएम सदर अपूर्वा सिंह और सीओ ट्रैफिक जगदीश पंत को फील्ड मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस क्षेत्राधिकारी यातायात ने बताया कि नो-एंट्री के समय का उल्लंघन करने वाले वाहनों को तुरंत क्रेन से उठाकर सीज किया जाएगा और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालान कटेगा।

नगर निगम की प्रवर्तन शाखा रोजाना बाजार में वीडियोग्राफी के साथ निरीक्षण करेगी ताकि अस्थायी अतिक्रमण दोबारा न जम सके। प्रशासन ने खरीदारों से भी अपील की है कि वे बाजार के एंट्री प्वाइंट्स पर चिन्हित अधिकृत पार्किंग स्थलों पर ही गाड़ियां खड़ी करके पैदल खरीदारी के लिए प्रवेश करें।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment