---Advertisement---

Pithoragarh News : 8 घंटे बाद बदहवास मिली 5 साल की लापता बच्ची, सीसीटीवी वीडियो आया सामने

---Advertisement---

पिथौरागढ़, 25 जून 2026 (दून हॉराइज़न)।

Pithoragarh News : पिथौरागढ़ के बाजार क्षेत्र से गायब हुई पांच वर्षीय मासूम को एक युवक द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने का सीसीटीवी फुटेज सामने आते ही सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा भड़क उठा है। वीडियो में आरोपी अपनी जेब में हाथ डालकर बच्ची को कुछ लालच देता है। बच्ची अपना हाथ छुड़ाने की कोशिश करती है लेकिन वह उसे जबरन खींचकर ले जाता है।

इस सनसनीखेज मामले में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। तफ्तीश तेज करते हुए कोतवाली पुलिस ने इलाके के कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है जिनसे बंद कमरे में पूछताछ की जा रही है।

नगर में कबाड़ बिनने का काम करने वाले एक दंपति की यह बेटी मंगलवार दोपहर करीब एक बजे अपने घर के पास से अचानक रहस्यमय तरीके से गायब हो गई थी। मूलरूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला यह परिवार पिछले कई सालों से यहां किराए के मकान में गुजर-बसर कर रहा है।

परिजनों ने बच्ची को आसपास काफी ढूंढा पर कोई सुराग न मिलने पर दोपहर दो बजे कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। आनन-फानन में पुलिस ने तलाश के लिए चार अलग-अलग टीमें गठित कर शहर के चप्पे-चप्पे पर तलाशी अभियान शुरू किया।

मंगलवार रात लगभग नौ बजे टनकपुर रोड पर स्थित एक होटल के पास सड़क किनारे यह मासूम बेहद बदहवास और डरी हुई हालत में पड़ी मिली। पुलिसकर्मियों ने तुरंत उसे उठाया और जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया।

अस्पताल में बच्ची का इलाज डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा है। बुधवार को पूरे दिन अलग-अलग डॉक्टरों की टीम ने मासूम का चिकित्सीय परीक्षण किया क्योंकि बच्ची के साथ दुष्कर्म या अन्य किसी गंभीर अनहोनी की गहरी आशंका जताई जा रही है।

स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारियों और पुलिस प्रशासन ने बुधवार देर शाम तक इस संवेदनशील मामले पर पूरी तरह चुप्पी साधे रखी। पीड़ित परिवार को भी मीडियाकर्मियों के संपर्क से पूरी तरह दूर रखा गया है जिससे स्थानीय लोगों में संशय और आक्रोश दोनों बढ़ रहा है।

कोतवाली प्रभारी ललित मोहन जोशी के मुताबिक पुलिस हर पहलू को खंगाल रही है। उन्होंने साफ किया कि मेडिकल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही विधिक कार्रवाई को आगे बढ़ाया जाएगा और बच्ची के बयानों को भी दर्ज किया जा रहा है।

स्थानीय लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर वह कौन सा ठिकाना था जहां बच्ची को आठ घंटे तक बंधक बनाकर रखा गया। जिस जगह पर बच्ची मिली वह उसके घर से बहुत ज्यादा दूरी पर नहीं है, जिससे किसी करीबी या स्थानीय नेटवर्क पर भी शक गहरा रहा है।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment