---Advertisement---

राजनाथ सिंह ने भरी चुनावी हुंकार, कहा – उत्तराखंड में भाजपा की हैट्रिक कोई नहीं रोक सकता

हरिद्वार में राजनाथ सिंह ने 2027 में उत्तराखंड में भाजपा की तीसरी सरकार बनने का दावा किया। उन्होंने कांग्रेस पर जाति, भाषा और क्षेत्र के नाम पर समाज को बांटने का आरोप लगाया।

हरिद्वार, 22 नवंबर : केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को हरिद्वार में भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में तीसरी बार प्रचंड बहुमत से भाजपा की सरकार बनने से दुनिया की कोई ताकत नहीं रोक सकती। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर जाति, भाषा और क्षेत्र के नाम पर समाज को बांटने का आरोप लगाते हुए कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारियों में पूरी ताकत लगाने का आह्वान किया।

हरिद्वार के प्रेमनगर आश्रम में आयोजित बैठक के समापन सत्र में राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार और प्रदेश भाजपा संगठन की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में केंद्र और राज्य सरकार का कमल कमाल कर रहा है। यहां भाजपा का संगठन देवदार के पेड़ की तरह मजबूती से खड़ा है। इस वृक्ष को कोई ताकत न उखाड़ सकती है और न ही हिला सकती है।

रक्षा मंत्री ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन की मजबूती के कारण आज पार्टी देश के अलग-अलग हिस्सों में मजबूत स्थिति में है। देश के 20 से अधिक राज्यों में एनडीए की सरकारें होना सामान्य बात नहीं है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाते हुए कहा कि उत्तराखंड में भी भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी।

कांग्रेस पर जाति और भाषा की राजनीति करने का लगाया आरोप

राजनाथ सिंह ने अपने संबोधन में कांग्रेस और दूसरे विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी पार्टियां जाति, भाषा और क्षेत्र के नाम पर समाज के लोगों के बीच दीवारें खड़ी करने का काम कर रही हैं। उनके मुताबिक, भाजपा के अलावा किसी अन्य राजनीतिक दल के पास अपनी स्पष्ट राजनीतिक विचारधारा नहीं है।

उन्होंने कहा कि भाजपा पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को आगे बढ़ाने का काम कर रही है। पार्टी सत्ता हासिल करने के लिए शॉर्टकट के रास्ते पर नहीं चली, बल्कि इसके लिए कार्यकर्ताओं ने लंबे समय तक मेहनत की है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा के लिए सत्ता में रहना या सत्ता से बाहर होना विचारधारा से बड़ा नहीं है। सत्ता रहे अथवा जाए, हम अपनी विचारधारा कभी नहीं छोड़ सकते। उन्होंने कहा कि पार्टी के नेताओं ने हमेशा राष्ट्र प्रथम, सदैव प्रथम का संदेश दिया है।

उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों का जिक्र करते हुए कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचना चाहिए। पार्टी का उद्देश्य केवल सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग की सेवा करना है।

रक्षा मंत्री ने कहा कि भाजपा में सेवा ही संगठन है। कोविड महामारी के दौरान कार्यकर्ताओं ने जिस तरह से लोगों की मदद की, वह इसका उदाहरण है। उन्होंने मंत्रियों को भी जिम्मेदारी का अहसास कराते हुए कहा कि मंत्रिपद उनके लिए कोई स्टेटस सिंबल नहीं है, बल्कि यह एक जिम्मेदारी है, जिसका निर्वहन पूरी ईमानदारी से किया जाना चाहिए।

प्रधानमंत्री मोदी पर टिप्पणी को लेकर राहुल गांधी को घेरा

राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ विपक्षी नेताओं की टिप्पणियों को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता प्रधानमंत्री के बारे में अनाप-शनाप और अमर्यादित बयान देते रहते हैं, लेकिन भाजपा कभी उनकी भाषा में जवाब नहीं देगी।

उन्होंने हैदराबाद में आयोजित एक कार्यक्रम का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि वहां कांग्रेस नेता राहुल गांधी की मौजूदगी में इटली के एक नेता ने भारतीय लोकतंत्र का खुलेआम मजाक उड़ाया और देश के प्रधानमंत्री के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया।

राजनाथ सिंह ने दावा किया कि जब उस विदेशी नेता ने प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की, तब राहुल गांधी तालियां बजा रहे थे। उन्होंने इस घटनाक्रम का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि क्या ऐसे लोगों के हाथ में देश की सत्ता सौंपी जानी चाहिए?

रक्षा मंत्री ने कहा कि राजनीतिक रूप से अब देश की जनता जागरूक हो चुकी है। लोग समझते हैं कि देश की सत्ता किसके हाथों में सौंपनी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विपक्ष के आरोपों का जवाब तथ्यों के आधार पर देने और प्रधानमंत्री के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणियों का जवाब उसी भाषा में नहीं देने की बात कही।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment