रुड़की/लक्सर, 9 जुलाई 2026 (दून हॉराइज़न)।
Roorkee News : उत्तराखंड में मॉनसून की दस्तक के साथ ही आफत की बारिश का दौर शुरू हो गया है। पहाड़ से लेकर मैदान तक लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण आम जनजीवन पूरी तरह से प्रभावित हुआ है।
बीती रात से जारी भारी बारिश के चलते रुड़की के पास भगवानपुर कस्बा क्षेत्र के खेड़ी शिकोहपुर गांव में दो कच्चे मकान भरभराकर जमींदोज हो गए। यह मकान गांव के निवासी शमीम अंसारी और रफी कुरैशी के थे जो लगातार पानी के दबाव को झेल नहीं सके।
हादसे के वक्त दोनों परिवारों के सदस्य घर के भीतर ही मौजूद थे। गनीमत यह रही कि वे समय रहते किसी तरह जान बचाकर बाहर भागने में कामयाब रहे जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
पड़ोसियों के मुताबिक अगर बाहर निकलने में चंद मिनटों की भी देरी हो जाती तो मलबे में दबने से बड़ा हादसा हो सकता था। मकान गिरने से घर के अंदर रखा तमाम घरेलू सामान मलबे के नीचे दफन हो गया।
पीड़ित परिवारों ने बताया कि कुछ ही महीनों बाद घर में बेटी की शादी होनी तय थी। शादी के लिए सालों से जोड़कर रखा गया सारा कीमती सामान मलबे में दबकर पूरी तरह नष्ट हो चुका है। बारिश के इस तांडव के बाद अब परिवार के सामने खुले आसमान के नीचे रहने और खाने-पीने का बड़ा संकट खड़ा हो गया है।
भगवानपुर एसडीएम ने इस घटना को लेकर बताया कि राजस्व टीम को मौके का निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। पीड़ित परिवारों को नियमानुसार जल्द से जल्द आर्थिक मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
रुड़की शहर के भीतर भी देर रात से हो रही मूसलाधार बारिश ने नगर निगम के दावों की पोल खोल दी है। शहर की प्रमुख सड़कें पूरी तरह तालाब में तब्दील हो चुकी हैं और कई रिहायशी कॉलोनियों व गलियों में पानी लोगों के घरों के अंदर तक प्रवेश कर गया है।
जलभराव के कारण बिगड़े हालातों को देखने के लिए रुड़की महापौर अनीता देवी अग्रवाल खुद अधिकारियों की टीम के साथ जमीन पर उतरीं। सड़कों पर गहरा पानी होने के कारण मेयर ट्रैक्टर पर बैठकर प्रभावित क्षेत्रों और जलमग्न कॉलोनियों का निरीक्षण करने पहुंचीं।
रुड़की के रामपुर चुंगी समेत कई इलाकों में जलभराव की स्थिति सबसे ज्यादा गंभीर बनी हुई है। सड़कों पर कई फीट तक पानी जमा होने से वाहनों की आवाजाही ठप पड़ गई है। रामपुर चुंगी स्थित ग्रीन पार्क कॉलोनी के घरों के कमरों तक में पानी भर गया है।
इस विकट स्थिति को देखते हुए वार्ड नंबर 10 के सभासद मोहम्मद मुंतजीर ने नगर पंचायत रामपुर के अधिशासी अधिकारी (ईओ) रोहित पंवार के साथ ट्रैक्टर पर बैठकर जलमग्न कॉलोनी का जायजा लिया। इसके तुरंत बाद मौके पर जेसीबी मशीन बुलवाई गई और जमीन की खुदाई करवाकर पानी की निकासी के लिए नया रास्ता साफ किया गया।
दूसरी तरफ लक्सर के बसेड़ी क्षेत्र से राहत की बड़ी खबर आई जहां बाढ़ जैसे हालातों के बीच फंसे दो लोगों को सुरक्षित निकाला गया। एक निर्माणाधीन मकान में पूरी रात पानी के बीच फंसे पिता-पुत्र को कोतवाली लक्सर पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने गुरुवार को रेस्क्यू किया।
ग्राम सिमली निवासी 60 वर्षीय श्री राम और उनका 40 वर्षीय पुत्र संजय इस निर्माणाधीन मकान में काम करने गए थे। इसी दौरान अचानक इलाके का जलस्तर बेहद तेजी से बढ़ गया और मकान चारों तरफ से गहरे पानी से घिर गया जिससे दोनों का बाहर निकलना असंभव हो गया।
कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि आपदा कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम बिना वक्त गंवाए नाव और लाइफ जैकेट के साथ मौके पर पहुंच गई। दोनों टीमों ने संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर पानी के बीच फंसे पिता-पुत्र को सकुशल बाहर निकाला।
लगातार हो रही बारिश के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने चेतावनी जारी की है। कोतवाली प्रभारी ने आम जनता से अपील की है कि वे वर्तमान हालातों में अनावश्यक रूप से जलभराव वाले या किसी भी जोखिम भरे क्षेत्रों की तरफ जाने से पूरी तरह बचें। किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में तुरंत स्थानीय पुलिस, प्रशासन या आपदा राहत एजेंसियों को सूचित करें।









