---Advertisement---

उत्तराखंड में चुनावी मैदान में उतरेंगे शेर सिंह राणा, हरिद्वार की सभी सीटों पर ठोकेंगे ताल

शेर सिंह राणा की राष्ट्रवादी जनलोक पार्टी (सत्य) ने हरिद्वार की सभी 11 विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी उतारने का ऐलान किया है। राणा ने खुद भी चुनाव लड़ने की बात कही।

हरिद्वार, 29 नवंबर : उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 से पहले हरिद्वार में एक और राजनीतिक दल ने अपनी चुनावी तैयारी का एलान कर दिया है। राष्ट्रवादी जनलोक पार्टी (सत्य) जिले की सभी 11 विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी उतारेगी। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक शेर सिंह राणा ने ऋषिकुल मैदान में आयोजित राष्ट्रवादी महासम्मेलन में यह घोषणा की। उन्होंने खुद भी चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है।

रविवार को आयोजित महासम्मेलन में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे। सम्मेलन में भाजपा और कांग्रेस के सामने अपनी राजनीतिक मौजूदगी मजबूत करने की रणनीति के तहत पार्टी ने स्थानीय युवाओं, किसानों, रोजगार और ग्रामीणों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को चुनावी एजेंडे में शामिल किया।

राणा ने कहा कि उत्तराखंड में सरकारें बदलती रही हैं, लेकिन जनता की बुनियादी समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया। उनका कहना था कि पार्टी इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और आगामी विधानसभा चुनाव में सभी 11 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी।

उद्योगों में 70 प्रतिशत प्रबंधन रोजगार की मांग उठाई

शेर सिंह राणा ने स्थानीय युवाओं के रोजगार को प्रमुख चुनावी मुद्दा बताते हुए कहा कि उत्तराखंड के उद्योगों में युवाओं को सिर्फ श्रमिक के तौर पर रोजगार देना पर्याप्त नहीं है। उन्हें प्रबंधन स्तर पर भी अवसर मिलने चाहिए।

पार्टी ने प्रदेश के उद्योगों में 70 प्रतिशत प्रबंधन स्तर के रोजगार स्थानीय युवाओं को देने की मांग उठाई। राणा के मुताबिक, राज्य में औद्योगिक गतिविधियां होने के बावजूद स्थानीय युवाओं को उनकी क्षमता के अनुरूप अवसर मिलने चाहिए।

उन्होंने भाजपा और कांग्रेस दोनों को निशाने पर लेते हुए कहा कि चुनाव के दौरान जनता से जुड़े मुद्दे उठाए जाते हैं, लेकिन सरकारें बदलने के बाद भी इन समस्याओं का समाधान नहीं हो पाता। पार्टी इन सवालों को लेकर चुनाव में जनता के बीच जाएगी।

किसानों के मुद्दे पर राणा ने कहा कि उत्तराखंड में बिजली का उत्पादन होने के बावजूद किसानों को कृषि कार्यों के लिए मुफ्त बिजली नहीं मिल रही है। पार्टी चाहती है कि किसानों को खेती के लिए निशुल्क बिजली उपलब्ध कराई जाए।

इसके अलावा चीनी मिलों के संचालन से पहले ही गन्ने का उचित मूल्य घोषित करने की मांग भी उठाई गई। पार्टी का कहना है कि मिलों में गन्ने की आपूर्ति शुरू होने से पहले मूल्य तय होना चाहिए, ताकि किसानों को अपनी फसल का उचित दाम मिल सके।

विस्थापितों को भूमिधरी और खादर के लोगों को खनन में हिस्सेदारी दिलाने की मांग

हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के विस्थापितों और ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों के भूमि अधिकारों का मुद्दा भी पार्टी के एजेंडे में शामिल है। शेर सिंह राणा ने मांग की कि विस्थापितों और ग्रामीणों को उनकी जमीन पर भूमिधरी का अधिकार दिया जाए।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment