---Advertisement---

दून की सड़कों पर नशा बेचने का खेल खत्म, 4.5 लाख के माल सहित शब्बीर और तैय्यब धरे

---Advertisement---

दून हॉराइज़न, देहरादून (16 सितंबर): शहर के रिहायशी इलाकों में तेजी से पांव पसार रहे नशे के नेटवर्क (Drug Trafficking Network) पर देहरादून पुलिस ने एक और जोरदार चोट की है। एसएसपी द्वारा जिले भर में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने दो अलग-अलग इलाकों से दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनके कब्जे से लगभग 4 लाख 50 हजार रुपये की अवैध स्मैक और चरस बरामद की है।

पटेलनगर पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी युवाओं को निशाना बनाकर फुटकर में यह नशीला माल खपाने की फिराक में घूम रहे थे। पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि वे रातों-रात मोटा मुनाफा कमाने के लालच में इस अवैध धंधे में उतरे थे।

कबाड़ी पुल और गोरखपुर तिराहे पर बिछाया गया जाल

मुखबिर और स्थानीय इनपुट के आधार पर कोतवाली पटेलनगर की टीम ने इलाके में सघन चेकिंग शुरू की थी। इस दौरान कबाड़ी पुल के पास संदिग्ध हालत में घूम रहे शब्बीर उर्फ बुच्चन (34 वर्ष), निवासी लोहिया नगर को घेराबंदी कर रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 12.35 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।

वहीं दूसरी टीम ने गोरखपुर तिराहा बडोवाला के पास से चंदाताल मेहूंवाला निवासी 25 वर्षीय तैय्यब को पकड़ा, जिसके बैग से 374 ग्राम उच्च गुणवत्ता वाली चरस बरामद की गई। पुलिस टीम ने तुरंत मादक पदार्थों को सील कर दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की संबंधित धाराओं में अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर लिए।

हथियार रखने के 9 मुकदमों समेत 13 मामलों में वांछित रहा है तैय्यब

पुलिस की पड़ताल में यह तथ्य सामने आया कि पकड़ा गया आरोपी तैय्यब इलाके का पुराना हिस्ट्रीशीटर प्रवृति का अपराधी है। उस पर पटेलनगर थाने में ही साल 2021 से लेकर 2025 तक कुल 13 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हो चुके हैं। इनमें 9 मुकदमे अकेले अवैध हथियार रखने यानी आर्म्स एक्ट के हैं।

इसके अलावा उस पर आबकारी अधिनियम, महामारी अधिनियम, भारतीय दंड संहिता (IPC) के तहत चोरी व बरामदगी और हाल ही में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 304(2)/317(2) के तहत गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। चोरी और चाकूबाजी से शुरू हुआ इसका आपराधिक सफर अब संगठित नशा तस्करी तक पहुंच चुका था। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि इन दोनों को मादक पदार्थों की यह खेप किस सप्लायर ने मुहैया कराई थी।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment