---Advertisement---

दून में बार-बार बस बदलने का झंझट खत्म, पछवादून से हरिद्वार-ऋषिकेश का सफर होगा सीधा और सस्ता

---Advertisement---

दून हॉराइज़न, विकासनगर (21 सितंबर) : पछवादून और सुदूर जौनसार-बाबर से गंगा दर्शन या कामकाज के सिलसिले में हरिद्वार-ऋषिकेश आने-जाने वालों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। विकासनगर से अब दोनों प्रमुख तीर्थ शहरों के लिए यात्रियों को सीधी बस सेवा (Direct Bus Service) की सुविधा मिलने जा रही है।

क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण यानी आरटीए से औपचारिक रूट विस्तार की अनुमति मिलने के बाद देहरादून-विकासनगर बस यूनियन ने गाड़ियों के संचालन की कागजी और जमीनी कसरत तेज कर दी है।

4 बसें हरिद्वार और 2 ऋषिकेश के लिए तय

तय योजना के मुताबिक कुल छह निजी बसों का बेड़ा इस रूट पर उतारा जाएगा। इनमें से चार बसें सीधे धार्मिक नगरी हरिद्वार और दो बसें तीर्थनगरी ऋषिकेश के लिए चलेंगी। अब तक व्यवस्था यह थी कि पछवादून क्षेत्र की निजी बसों का परमिट केवल देहरादून तक ही सीमित था।

इसका नतीजा यह होता था कि विकासनगर, डाकपत्थर, कालसी या चकराता से आने वाले मुसाफिरों को देहरादून बस अड्डे या रेलवे स्टेशन पर उतरना पड़ता था, सामान घसीटते हुए दूसरी गाड़ी पकड़नी पड़ती थी और जेब भी ढीली होती थी। सीधी सेवा शुरू होते ही यह फालतू खर्च और सिरदर्दी दोनों खत्म हो जाएंगे।

समय सारणी फाइनल होते ही अक्टूबर से फर्राटा

परिवहन विभाग ने यूनियन पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे यात्रियों की सुविधा के अनुसार सुबह और दोपहर के फेरों का सटीक टाइम-टेबल (Bus Schedule) जल्द से जल्द सौंपें। देहरादून-विकासनगर बस यूनियन के अध्यक्ष रामकुमार सैनी के मुताबिक, रूट का सर्वे पूरा कर लिया गया है और अगले महीने यानी अक्टूबर से सभी छह बसों का नियमित संचालन शुरू कर दिया जाएगा।

नौकरीपेशा वर्ग, गंगा स्नान के लिए जाने वाले बुजुर्गों और ऋषिकेश-हरिद्वार के शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले छात्रों को इसका सबसे बड़ा फायदा मिलेगा।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment